पति के दोस्त ने महिला से किया दुष्कर्म, 5 माह की गर्भवती !

Spread the love

सागर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी महिला के पति का दोस्त बताया जा रहा है। महिला ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद पति ने भी उसे अपने साथ रखने से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार महाराजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में पीड़िता अपने पति के साथ ससुराल में रह रही थी। इस दौरान पति का एक दोस्त अक्सर घर आता-जाता था। इसी बीच आरोपी और महिला के बीच बातचीत शुरू हुई और आरोपी ने मौका पाकर महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने का झांसा दिया और कई बार दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई।

करीब पांच माह की गर्भावस्था होने की जानकारी जब पति को लगी तो उसने पत्नी को साथ रखने से मना कर दिया और उसे मायके भेज दिया। पीड़िता जब मायके पहुंची तो वहां भी परिजनों ने उसे घर में रखने से इनकार कर दिया। इसके बाद परेशान होकर महिला महाराजपुर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद आरोपी और महिला के पति को थाने बुलाया। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को साथ रखने की बात कही, लेकिन घर लौटने के बाद वह अपने बयान से मुकर गया। इसके बाद पीड़िता ने सोमवार को दोबारा थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया।

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी के परिजन उसे जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है।

महाराजपुर थाना प्रभारी अजय प्रताप सिंह भदोरिया ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *