मुंडी टौरी इलाके में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने देशी कट्टा और कारतूस किया जब्त !

Spread the love

मुंडी टौरी इलाके में अवैध हथियार के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस ने देशी कट्टा और कारतूस किया जब्त

सागर। जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार लेकर घूम रहे एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने 315 बोर का एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है। आरोपी को थाने लाकर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मोतीनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि मुंडी टौरी इलाके में आईपीएस स्कूल के पास एक युवक संदिग्ध अवस्था में अवैध हथियार लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध युवक की तलाश शुरू की।

जैसे ही युवक ने पुलिस टीम को अपनी ओर आते देखा, वह घबरा गया और बचने के लिए पास ही एक पेड़ के पीछे छिपने की कोशिश करने लगा। हालांकि पुलिस ने सतर्कता और तत्परता दिखाते हुए इलाके की घेराबंदी कर ली और कुछ ही देर में युवक को पकड़ लिया।

पकड़े गए युवक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम हर्ष उर्फ कृष्णा (19 वर्ष) पिता धीरेंद्र सिंह ठाकुर, निवासी इतवारी टौरी रामपुरा वार्ड, सागर बताया। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें उसके पास से 315 बोर का अवैध देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ।

पुलिस आरोपी को पकड़कर मोतीनगर थाने ले आई, जहां उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से यह पूछताछ कर रही है कि वह यह अवैध हथियार कहां से लाया था और इसका उपयोग किस उद्देश्य से करने वाला था। साथ ही पुलिस हथियार के स्रोत और उससे जुड़े अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है और ऐसे मामलों में सख्ती बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *