पंचवं कवि की टोरिया के पास युवक की ट्रेन से कटकर मौत, होली मनाने घर लौट रहा था !

Spread the love

दतिया। शहर में रेलवे स्टेशन के आगे पंचवं कवि की टोरिया के पास एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद जीआरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार रेलवे ट्रैक के पास एक युवक के ट्रेन से कटने की सूचना मिलने पर जीआरपीएफ पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को अपने कब्जे में लेकर पहचान करने का प्रयास किया।

जांच के दौरान युवक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान प्रेम सिंह यादव (35) पिता लखन सिंह यादव निवासी ग्राम काशीपुर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।

शुक्रवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक की लहर फैल गई।

परिजनों के अनुसार प्रेम सिंह यादव दिल्ली में एक निजी कंपनी में गार्ड की नौकरी करता था। होली का त्योहार मनाने के लिए वह अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया।

फिलहाल परिजनों ने इस मामले में किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। जीआरपीएफ पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *