प्रताप सागर तालाब में मिल रहा गंदी नालियों का पानी, बढ़ती गंदगी से लोग परेशान
छतरपुर। शहर के प्रमुख और कभी सबसे स्वच्छ माने जाने वाले प्रताप सागर तालाब की हालत इन दिनों खराब होती जा रही है। नगर पालिका की लापरवाही के चलते गंदी नालियों का पानी सीधे तालाब में मिल रहा है, जिससे तालाब का पानी प्रदूषित हो गया है और आसपास गंदगी फैलने लगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार तालाब के आसपास बने घाटों पर भी कचरे का अंबार लगा हुआ है। जगह-जगह गंदगी जमा होने से दुर्गंध फैल रही है, जिससे यहां आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले यह स्थान लोगों के लिए घूमने, पूजा-पाठ करने और समय बिताने का प्रमुख केंद्र हुआ करता था, लेकिन अब गंदगी के कारण लोग यहां आने से बचने लगे हैं।

नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका द्वारा नियमित सफाई नहीं कराई जा रही है। नालियों का गंदा पानी सीधे तालाब में गिरने से पानी की गुणवत्ता लगातार खराब हो रही है। इससे तालाब का प्राकृतिक स्वरूप भी प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका अक्सर इसी तालाब की सफाई के नाम पर फोटो सेशन करवाती है और स्वच्छता अभियान का प्रचार करती है, लेकिन वास्तविकता में तालाब की स्थिति दिन-प्रतिदिन खराब होती जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो शहर का यह महत्वपूर्ण जलस्रोत पूरी तरह प्रदूषित हो सकता है।

लोगों ने मांग की है कि नगर पालिका जल्द से जल्द तालाब की सफाई कराए और नालियों के गंदे पानी को तालाब में जाने से रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए। इससे तालाब को प्रदूषण से बचाया जा सकेगा और शहरवासियों को एक स्वच्छ और सुंदर वातावरण मिल सकेगा।
इस मामले में नगर पालिका सीएमओ माधुरी शर्मा से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। फोन रिसीव न होने के कारण उनका पक्ष सामने नहीं आ पाया।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन जल्द कार्रवाई करता है, तो प्रताप सागर तालाब को फिर से स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है।