भोपाल। राजधानी भोपाल के जेल रोड करोंद स्थित मैपल ट्री सोसायटी में गुरुवार देर रात स्ट्रीट डॉग्स की समस्या को लेकर रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग कॉलोनी के गेट पर एकत्र हो गए और नगर निगम तथा डॉग लवर्स के खिलाफ प्रदर्शन किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस को मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश देनी पड़ी।
रहवासियों के अनुसार कॉलोनी और आसपास के इलाकों में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। देर रात करीब 11 बजे के बाद लोग सोसायटी गेट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद नगर निगम इस समस्या का समाधान नहीं कर रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्ट्रीट डॉग्स के कारण कॉलोनी में आए दिन काटने की घटनाएं हो रही हैं। हाल ही में कुछ बुजुर्गों और बच्चों को भी आवारा कुत्तों ने काट लिया, जिससे रहवासियों में डर का माहौल है। लोग घर से बाहर निकलने में भी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
रहवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे नगर निगम या प्रशासन से शिकायत करते हैं, तो कुछ डॉग लवर्स उनके खिलाफ थाने में झूठी शिकायतें दर्ज करा देते हैं। इससे कॉलोनी के लोग और ज्यादा परेशान हो रहे हैं।
गुस्साए रहवासी कॉलोनी के मुख्य गेट पर ही बैठ गए और विरोध जताते हुए जाम जैसी स्थिति बना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर उन्हें शांत कराया।

रहवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही स्ट्रीट डॉग्स की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करेंगे और सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करेंगे।
पुलिस प्रशासन ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि इस समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग से चर्चा की जाएगी। साथ ही रहवासियों से अपील की गई है कि वे शांति बनाए रखें।
बताया जा रहा है कि पुलिस ने इस मामले के समाधान के लिए पांच दिन का समय मांगा है। यदि इस अवधि में समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो रहवासियों ने सड़क जाम करने की चेतावनी दी है।