टाइगर रिजर्व के जंगल में युवक की हत्या, प्रेम प्रसंग में युवती समेत तीन आरोपी हिरासत में !

Spread the love

सागर। जिले के रहली थाना क्षेत्र में स्थित Veerangana Durgavati Tiger Reserve के विस्थापित ग्राम मुहली के जंगल में मिले युवक के शव के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवती सहित तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग और आपसी विवाद सामने आया है।

पुलिस के अनुसार वारदात के समय मृतक युवक अपनी बाइक से दमोह में रहने वाली अपनी प्रेमिका से मिलने जा रहा था, इसी दौरान रास्ते में उसे रोककर हत्या कर दी गई।

जंगल में मिला था युवक का शव

जानकारी के अनुसार, टाइगर रिजर्व के बीच से गुजरने वाले रहली–जबलपुर मार्ग पर ग्राम मुहली के पास जंगल में बुधवार रात एक युवक का शव पड़ा मिला था। गश्त पर निकले वनकर्मियों ने शव देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने पर रहली थाना प्रभारी सुनील शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। घटनास्थल पर एक बाइक खड़ी मिली, जिसके नंबर के आधार पर मृतक की पहचान की गई।

मृतक की पहचान विकास पिता मनोहर सिंह राजपूत (30 वर्ष) निवासी बाईसा मोहल्ला, सागर के रूप में हुई। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर मामला दर्ज किया और जांच शुरू की।

चार साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग

पुलिस की शुरुआती जांच में एक युवती का नाम सामने आया, जिससे मृतक विकास की अक्सर बातचीत होती थी। इसी आधार पर पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि विकास और युवती के बीच करीब चार साल से प्रेम संबंध थे। दोनों पहले अगरबत्ती बनाने का काम करते थे।

कुछ समय पहले युवती की नौकरी पोस्ट ऑफिस में लग गई और उसकी पदस्थापना दमोह में हो गई। वहां रहने के दौरान युवती का संपर्क एक अन्य युवक से हुआ और दोनों के बीच संबंध बन गए।

शादी के दबाव से छुटकारा पाने की साजिश

पुलिस के मुताबिक मृतक विकास युवती से शादी करना चाहता था, जबकि युवती उससे पीछा छुड़ाना चाहती थी। इसी वजह से उसने अपने नए प्रेमी के साथ मिलकर विकास को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

वारदात वाले दिन विकास ने युवती से फोन पर बात की और दमोह आने की बात कही। इसके बाद वह बाइक से दमोह के लिए निकल पड़ा।

रास्ते में रोककर की हत्या

पुलिस के अनुसार युवती के नए प्रेमी ने अपने एक दोस्त के साथ मिलकर योजना बनाई और टाइगर रिजर्व के जंगल में पहुंच गया।

ग्राम मुहली के पास उन्होंने विकास को रास्ते में रोका और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जंगल के अंदर ले जाकर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

तीन आरोपी पुलिस हिरासत में

इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिंहा ने बताया कि हत्या के मामले में एक महिला सहित तीन आरोपियों को अभिरक्षा में लिया गया है

पुलिस ने युवती के साथ अजय यादव (28 वर्ष) और लल्लू धानक (42 वर्ष) निवासी जैसीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों से वारदात में उपयोग किए गए धारदार हथियारों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *