मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) 2022 के घोषित परिणामों में सागर जिले की रहली तहसील के युवा सिद्धांत दुबे ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। रहली नगर के वार्ड क्रमांक 15 पटना ककरी निवासी सिद्धांत दुबे का चयन असिस्टेंट प्रोफेसर (लाइब्रेरियन) पद पर हुआ है। खास बात यह है कि उन्होंने यह सफलता अपने पहले ही प्रयास में हासिल कर क्षेत्र और जिले का नाम रोशन किया है।
सिद्धांत दुबे पूर्व पटवारी नरेश दुबे के पुत्र हैं। जैसे ही उनके चयन की खबर नगर में पहुंची, उनके घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों और क्षेत्रवासियों ने मिठाई खिलाकर उनकी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। परिवार के लिए यह पल गर्व और भावनाओं से भरा रहा।
मेहनत, धैर्य और मार्गदर्शन को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर प्रतिक्रिया देते हुए सिद्धांत दुबे ने बताया कि इस उपलब्धि के पीछे ईश्वर की कृपा, माता-पिता का आशीर्वाद और गुरुओं का मार्गदर्शन सबसे बड़ी प्रेरणा रहा है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को ध्यान में रखकर लगातार मेहनत, धैर्य और सकारात्मक सोच के साथ पढ़ाई करने से ही यह मुकाम हासिल हो सका।
सिद्धांत ने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि यदि सही दिशा में पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ प्रयास किए जाएं तो सफलता निश्चित मिलती है।

वर्तमान में धार में दे रहे सेवाएं
गौरतलब है कि सिद्धांत दुबे वर्तमान में एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय, धार में लाइब्रेरियन के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। अब उच्च शिक्षा विभाग में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में उनका चयन होने से परिवार, मित्रों और क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह है।
नगर के कई गणमान्य नागरिकों और शिक्षाविदों ने सिद्धांत दुबे को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया जा रहा है।