सागर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में 11 मार्च को ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी के भव्य उद्घाटन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री का आगमन दोपहर लगभग 12:30 बजे प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज कर दी गई हैं और प्रशासन के साथ-साथ जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुट गए हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर लगातार बैठकों का दौर जारी है। जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत और युवा शक्ति संगठन के अध्यक्ष आकाश सिंह राजपूत के नेतृत्व में क्षेत्र के कार्यकर्ताओं और नागरिकों के साथ बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित बनाया जा सके।

इसी क्रम में शुक्रवार को जैसीनगर में बैठक आयोजित की गई। इसके अलावा दोपहर 12 बजे बड़े महादेव मंदिर प्रांगण में, दोपहर 3 बजे बिलहरा नगर परिषद कार्यालय में तथा शाम 5 बजे सुरखी के मंगल भवन में बैठक रखी गई। इन बैठकों में कार्यक्रम की रूपरेखा, स्वागत व्यवस्था, जनसंपर्क और अन्य आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठकों में क्षेत्रवासियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होने की अपील की गई है, ताकि मुख्यमंत्री के स्वागत के साथ-साथ उद्घाटन समारोह को भव्य बनाया जा सके। आयोजन से सुरखी क्षेत्र सहित पूरे सागर जिले में उत्साह का माहौल है।
आयोजकों का कहना है कि ज्ञानवीर यूनिवर्सिटी का शुभारंभ क्षेत्र में उच्च शिक्षा के नए अवसर खोलेगा और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और स्थानीय प्रतिनिधियों द्वारा सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।