सागर/खुरई। खुरई देहात थाना क्षेत्र के ग्राम खैजरा इज्जत में तीन दिन पहले हुए सनसनीखेज हत्याकांड के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी पिता और उसके दो बेटे भी शामिल हैं। पुलिस ने शनिवार शाम को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
मामूली विवाद में हुई हत्या
जानकारी के अनुसार 4 मार्च को गांव में खेत से जुड़ी एक मामूली बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। मृतक भगवानदास यादव के पुत्र अनिल यादव ने पुलिस को बताया कि विवाद की वजह खेत पर रखा ‘बारगा’ (पुआल या कचरा) हटाने को लेकर हुई कहासुनी थी।
इसी विवाद के दौरान गांव के ही जयराम यादव, केतार यादव, केदारनाथ यादव, नीरज यादव और करतार यादव ने मिलकर भगवानदास यादव पर हमला कर दिया। आरोपियों ने कुल्हाड़ी से उनके सिर पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
बेटे की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला

घटना के बाद मृतक के बेटे अनिल यादव ने खुरई देहात थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं 103(1), 296(A), 115(2), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया था।
पुलिस की विशेष टीम ने पकड़े आरोपी
खुरई देहात थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम गठित की गई थी।
पुलिस टीम ने शुक्रवार को तीन आरोपियों जयराम यादव, केतार यादव और केदारनाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद शनिवार को फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों करतार यादव और नीरज यादव को भी दबोच लिया गया।
सभी आरोपी गांव के ही निवासी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए सभी पांचों आरोपी खैजरा इज्जत गांव के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत शनिवार शाम न्यायालय में पेश किया।
न्यायालय के आदेश पर भेजे गए जेल
न्यायालय के आदेश के बाद सभी आरोपियों को स्थानीय उपजेल भेज दिया गया है। पुलिस अब मामले में अन्य साक्ष्य जुटाने और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियार की बरामदगी की कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही सभी पहलुओं को स्पष्ट कर लिया जाएगा।