सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र में 12वीं की छात्रा पर कटर से हमला करने के बाद फरार हुए आरोपी का शव रविवार सुबह रेलवे ट्रैक पर मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
छात्रा पर कटर से किया था हमला
जानकारी के अनुसार मकरोनिया के रजाखेड़ी क्षेत्र में रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा शनिवार को कक्षा 12वीं का आखिरी पेपर देकर घर लौट रही थी। जब वह सेमरा बाग के पास पहुंची, तभी आरोपी नीलेश उससे मिला। दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया।
इसी दौरान आरोपी ने कटर जैसे धारदार हथियार से छात्रा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। उसने छात्रा के शरीर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल छात्रा को तुरंत इलाज के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार छात्रा की पीठ, चेहरा और कंधे पर गंभीर घाव हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी
घटना सामने आने के बाद मकरोनिया थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस ने उसके घर और परिचितों के यहां दबिश दी, लेकिन वह कहीं नहीं मिला। इसके बाद पुलिस टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थीं।
इसी बीच रविवार तड़के सूचना मिली कि मकरोनिया के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की पहचान छात्रा पर हमले के आरोपी नीलेश के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी।
पहले से चल रहा था विवाद
मृतक के मौसेरे भाई प्रमोद पटेल ने बताया कि नीलेश और छात्रा के बीच पहले से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी विवाद हुआ था, लेकिन बाद में समझौता हो गया था।
उन्होंने बताया कि घटना के दिन छात्रा परीक्षा देने गई थी। नीलेश वहां कैसे पहुंचा, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। घटना के बाद से ही परिवार के लोग भी उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका मोबाइल बंद आ रहा था।

मौत के कारणों की जांच जारी
परिजनों के अनुसार पुलिस घटना के बाद घर पहुंची थी और परिवार से पूछताछ भी की थी। पुलिस देर रात तक घर पर मौजूद रही।
अब नीलेश का शव रेलवे ट्रैक पर मिलने के बाद उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।