रबी विपणन वर्ष 2026–27 में समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूं बेचने के लिए किसानों के पंजीयन की आज अंतिम तारीख है। शासन द्वारा पहले पंजीयन की अंतिम तिथि 7 मार्च निर्धारित की गई थी, जिसे बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया गया था। जिन किसानों ने अब तक पंजीयन नहीं कराया है, वे आज तक अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
सागर जिले में बनाए गए 517 पंजीयन केंद्र
सागर जिले में किसानों की सुविधा के लिए बड़े स्तर पर पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं।
- सेवा सहकारी समितियों के 104 पंजीयन केंद्र
- एमपी ऑनलाइन, कॉमन सर्विस सेंटर, कियोस्क और साइबर कैफे के 413 पंजीयन केंद्र
इन केंद्रों के माध्यम से अब तक जिले में 48 हजार 765 किसानों ने गेहूं उपार्जन के लिए पंजीयन करा लिया है।
कई माध्यमों से करा सकते हैं पंजीयन
किसान गेहूं विक्रय के लिए कई माध्यमों से पंजीयन करा सकते हैं।
- स्वयं के मोबाइल या कंप्यूटर से
- ग्राम पंचायतों के सुविधा केंद्रों पर
- सहकारी समितियों में निःशुल्क पंजीयन

इसके अलावा किसान एमपी ऑनलाइन कियोस्क, कॉमन सर्विस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और निजी साइबर कैफे में भी पंजीयन करा सकते हैं, जहां 50 रुपये शुल्क देकर 10 मार्च तक रजिस्ट्रेशन कराया जा सकता है।
पंजीयन के लिए दस्तावेज जरूरी
किसानों को पंजीयन के दौरान भूमि संबंधी दस्तावेज, आधार कार्ड और अन्य फोटो पहचान-पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य है। इन दस्तावेजों का परीक्षण कर उनका रिकॉर्ड रखा जाएगा।
इसके अलावा सिकमी, बटाईदार, वन पट्टाधारी और कोटवार किसानों का पंजीयन केवल सहकारी समितियों और सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केंद्रों पर ही किया जाएगा।
प्रदेश में 12 लाख से अधिक किसान पंजीकृत
प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026–27 में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन के लिए अब तक प्रदेश में 12 लाख 4 हजार 708 से अधिक किसान पंजीयन करा चुके हैं।
जिलेवार आंकड़ों में सागर जिले में 48,765, सीहोर में 80,036, उज्जैन में 95,821, विदिशा में 62,996, राजगढ़ में 65,029, देवास में 57,021, रायसेन में 51,085 सहित कई जिलों में बड़ी संख्या में किसानों ने पंजीयन कराया है।
आज ही कराएं पंजीयन
प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि जो किसान अभी तक समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन नहीं करा पाए हैं, वे आज ही नजदीकी पंजीयन केंद्र पर जाकर या ऑनलाइन माध्यम से अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर लें, ताकि उन्हें सरकारी खरीद में गेहूं बेचने का लाभ मिल सके।