बीना सिविल अस्पताल में अव्यवस्थाओं के खिलाफ आप का धरना !

Spread the love

सागर जिले के बीना सिविल अस्पताल में व्याप्त लापरवाही और अनियमितताओं के विरोध में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने अस्पताल परिसर में धरना प्रदर्शन किया। पार्टी के उपाध्यक्ष निर्मल रैकवार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार हेमराज मेहर को ज्ञापन सौंपते हुए अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार की मांग की।

100 बिस्तर वाले नए अस्पताल भवन का मुद्दा

धरने के दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री द्वारा बीना में 100 बिस्तर वाले नए अस्पताल भवन की घोषणा किए जाने के बावजूद अब तक इसके निर्माण को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि बीना प्रदेश की सबसे अधिक राजस्व देने वाली तहसीलों में से एक है, लेकिन इसके बावजूद यहां के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द नए अस्पताल भवन के निर्माण कार्य को शुरू किया जाए।

डॉक्टरों की कमी से मरीज परेशान

आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीना सिविल अस्पताल में डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की भारी कमी है, जिसके कारण मरीजों को उचित इलाज नहीं मिल पाता।

ज्ञापन में विशेष रूप से शिशु रोग विशेषज्ञ (पीडियाट्रिशियन) की नियुक्ति की मांग की गई है। इसके साथ ही अस्पताल में पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति करने की भी मांग उठाई गई, ताकि अस्पताल की स्वच्छता और व्यवस्था बेहतर हो सके।

जल्द सुधार नहीं हुआ तो होगा आमरण अनशन

धरने के दौरान कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया और उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया, तो बीना की जनता के साथ मिलकर अनिश्चितकालीन आमरण अनशन शुरू किया जाएगा।

कई कार्यकर्ता रहे मौजूद

इस धरना प्रदर्शन में किसान विंग जिला अध्यक्ष रामसेवक कुशवाहा, मोहनलाल, लक्ष्मण सिंह, दमयंती सहित आम आदमी पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मांग की कि बीना सिविल अस्पताल की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द से जल्द आवश्यक सुधार किए जाएं, ताकि क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *