अफवाहों पर न दें ध्यान, प्रदेश में पेट्रोलियम की पर्याप्त उपलब्धता: मंत्री गोविंद सिंह राजपूत !

Spread the love

मध्यप्रदेश में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें।

मंत्री ने बताया कि भारत में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है, जिसके चलते देश की सभी रिफाइनरियां पूरी क्षमता से काम कर रही हैं। इससे पेट्रोल, डीजल, एलपीजी, पीएनजी और सीएनजी की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी है। मध्यप्रदेश में इन सभी पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और सप्लाई चेन में किसी प्रकार की बाधा नहीं है।

प्रदेश सरकार ने कालाबाजारी रोकने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत अब तक 2215 स्थानों पर जांच की गई है। इस दौरान 3029 एलपीजी सिलेंडर जब्त किए गए हैं और 9 मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। इसके अलावा 544 पेट्रोल पंपों की जांच की गई, जिनमें 2 मामलों में अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की गई है।

सरकार ने जिला आपूर्ति अधिकारियों और ऑयल कंपनियों को पेट्रोल पंपों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को उनकी बुकिंग के अनुसार गैस सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है, जबकि व्यावसायिक उपभोक्ताओं को निर्धारित प्राथमिकता के अनुसार कमर्शियल सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। बढ़ती मांग को देखते हुए गैस बॉटलिंग प्लांट अतिरिक्त समय तक कार्य कर रहे हैं और विभिन्न जिलों में स्टॉक की लगातार समीक्षा की जा रही है।

पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता भी पूरी तरह सामान्य है। सभी ऑयल कंपनियों के पास पर्याप्त भंडार है और डिपो से नियमित आपूर्ति जारी है। मांग को संतुलित बनाए रखने के लिए डिपो के संचालन समय में भी वृद्धि की गई है।

इसके साथ ही, सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन के अंतर्गत पीएनजी कनेक्शन के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रदेश में कार्यरत 10 संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे पीएनजी कनेक्शन तेजी से उपलब्ध कराएं। जिन क्षेत्रों में पाइपलाइन बिछ चुकी है, वहां आवेदन मिलने के पांच दिनों के भीतर कनेक्शन देने के निर्देश हैं। इसके लिए कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान किया जा रहा है।

सरकार द्वारा की जा रही सख्त निगरानी और लगातार कार्रवाई से स्पष्ट है कि प्रदेश में पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित है। ऐसे में आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचते हुए सामान्य जीवनचर्या बनाए रखने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *