कलेक्टर ने सिद्धगुआं आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, पौष्टिक आहार पर दिया जोर !

Spread the love

सागर जिले के सिद्धगुआं स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का कलेक्टर संदीप जीआर ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बच्चों को दी जा रही शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी सुविधाओं की विस्तार से समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता से केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और बच्चों का वजन तौलयंत्र से करवाकर उनकी सेहत की स्थिति का आकलन किया। साथ ही बच्चों को दिए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता भी जांची। बच्चों से बातचीत में उन्होंने जाना कि उन्हें नाश्ते और भोजन में कढ़ी-चावल और दलिया दिया गया था।

पौष्टिक आहार और “रंगीन रोटी” पर जोर

कलेक्टर ने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों में नियमित रूप से पोषाहार वितरित किया जाए और भोजन में “रंगीन रोटी” शामिल की जाए।
उन्होंने बताया कि इस रोटी में चुकंदर, पालक जैसी हरी एवं पौष्टिक सब्जियों को मिलाकर तैयार किया जाए, ताकि बच्चों को आवश्यक पोषक तत्व आसानी से मिल सकें।

स्वच्छता और उपस्थिति पर विशेष ध्यान

कलेक्टर संदीप जीआर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें और केंद्र में स्वच्छता बनाए रखें। साथ ही पोषण स्तर में सुधार के लिए सतत निगरानी रखने को कहा।

इस दौरान विकास शाहवाल (पुलिस अधीक्षक), विवेक केवी (जिला पंचायत सीईओ), अमन मिश्रा सहित अन्य अधिकारी एवं आंगनवाड़ी स्टाफ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *