खुरई विधानसभा क्षेत्र में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान-2026 के तहत प्रशिक्षण वर्ग में युवा नेता अविराज सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया को मजबूत करना है, जिसमें अंतिम पंक्ति का कार्यकर्ता भी स्वयं को सहभागी महसूस करता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि अनुशासन, वैचारिक स्पष्टता और “संगठन सर्वोपरि” की भावना ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है, जिसने उसे विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनाया है।
कार्यकर्ता निर्माण पर विशेष फोकस
अविराज सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं को केवल चुनावी कार्यकर्ता बनाना नहीं, बल्कि उन्हें राष्ट्र प्रहरी के रूप में तैयार करना है। उन्होंने कहा कि पार्टी नियमित प्रशिक्षण शिविरों और वैचारिक गोष्ठियों के माध्यम से कार्यकर्ताओं को राजनीतिक समझ और समस्याओं के समाधान की क्षमता प्रदान करती है।
युवा और अनुभव का समन्वय

उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके युवा कार्यकर्ताओं में है, जो ऊर्जा और आधुनिक सोच के साथ संगठन को आगे बढ़ा रहे हैं। साथ ही वरिष्ठों का अनुभव संगठन को मजबूती देता है। यह समन्वय ही पार्टी की सफलता का आधार है।
विचारधारा और नेतृत्व पर चर्चा
अविराज सिंह ने बताया कि पार्टी ‘राष्ट्र प्रथम’, ‘अंत्योदय’ और ‘संगठन सर्वोपरि’ जैसे सिद्धांतों पर कार्य करती है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” मंत्र को इसी विचारधारा का विस्तार बताया।
उन्होंने डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में हो रहे विकास कार्यों का भी उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश में विकास और सांस्कृतिक चेतना को नई दिशा मिल रही है।
सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और विकास
उन्होंने कहा कि भाजपा का ‘सांस्कृतिक राष्ट्रवाद’ भारतीय संस्कृति, परंपरा और विरासत के सम्मान से जुड़ा है। राम मंदिर अयोध्या और महाकाल लोक जैसे निर्माण कार्यों को उन्होंने सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक बताया।
संगठन की विशेषताएं
अविराज सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन बूथ स्तर से लेकर शीर्ष स्तर तक लोकतांत्रिक ढांचे पर आधारित है। पार्टी की पांच निष्ठाएं—राष्ट्रवाद, लोकतंत्र, गांधीवादी समाजवाद, सकारात्मक धर्मनिरपेक्षता और मूल्य आधारित राजनीति—उसकी कार्यप्रणाली की आधारशिला हैं।
कार्यक्रम में नन्हीबाई अहिरबार, राहुल चौधरी, रविन्द्र राजपूत, राजपाल सिंह राजपूत, रामनिवास माहेश्वरी, मूरत सिंह, हरिशंकर कुशवाहा और रश्मि सोनी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।