सागर में सूने मकान में चोरी, तीर्थ यात्रा पर गया था परिवार !

Spread the love

मध्य प्रदेश के सागर के गोपालगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत कृष्णगंज वार्ड में शनिवार को चोरी की वारदात सामने आई। चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए वहां से सामान और गहने पार कर दिए।

जानकारी के अनुसार, कृष्णगंज वार्ड स्थित बिजासन मंदिर के पास रहने वाले नंदराम आठिया अपनी पत्नी और बेटी के साथ रामेश्वरम तीर्थ यात्रा पर गए हुए थे। उनके घर पर ताला लगा हुआ था, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने मकान में सेंध लगा दी।

बताया जा रहा है कि चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पूरे घर को खंगाल डाला। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने आराम से चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने मकान के दरवाजे खुले देखे। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना मकान मालिक नंदराम आठिया को दी, जो फिलहाल रामेश्वरम से वापस लौट रहे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मकान मालिक के वापस आने के बाद ही चोरी गए सामान और गहनों की सही जानकारी मिल सकेगी।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *