मध्य प्रदेश के खुरई के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत सहोद्रा राय वार्ड में शनिवार रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया। यहां एक महिला डांसर का शव उसके ही घर में डबल बेड के अंदर मिला। पुलिस ने प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है।
10 दिन बाद घर लौटे परिजनों को चला पता
मृतका की पहचान ममता अहिरवार (45), पति स्वर्गीय रोशन अहिरवार के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब परिजन करीब 10 दिन बाद घर लौटे। घर पर ताला लगा देख उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस की सलाह पर ताला तोड़ा गया, जिसके बाद घर के अंदर से तेज बदबू आने लगी।
जब परिजन कमरे में रखे डबल बेड के पास पहुंचे और उसे खोला, तो अंदर ममता का शव मिला। इस दृश्य से परिजन और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए।
5 अप्रैल को हुई थी आखिरी बात

परिजनों के अनुसार, ममता का बेटा देव और बेटी मुस्कान अपनी बड़ी बहन के घर गंजबासौदा गए हुए थे। 5 अप्रैल की रात को उनकी मां से आखिरी बार बात हुई थी। उस दौरान ममता ने बीना रिफायनरी के गेट नंबर 3 के पास एक कार्यक्रम में होने की जानकारी दी थी। इसके बाद से उनका मोबाइल बंद हो गया।
शनिवार को बच्चों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई थी।
कमरे में मिले संदिग्ध हालात
घर के अंदर सामान अस्त-व्यस्त मिला। कमरे में खून के निशान भी पाए गए, जिससे घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। प्रारंभिक जांच में शव करीब 4 से 5 दिन पुराना बताया जा रहा है।
पुलिस जांच और एफएसएल टीम जुटी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घर को सील कर दिया है और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। विशेषज्ञ टीम मौके से साक्ष्य एकत्र कर घटना की बारीकी से जांच करेगी।
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही हो सकेगा।
कई सवाल खड़े
शव का डबल बेड के अंदर मिलना और घर के हालात इस मामले को और रहस्यमय बना रहे हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों में दहशत का माहौल है।