भोपाल। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जानकारी दी है कि प्रदेश में न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर गेहूँ खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। अब तक 7103 किसानों से कुल 30,619 मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की जा चुकी है।
मंत्री ने बताया कि इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभागों में 9 अप्रैल से गेहूँ उपार्जन प्रारंभ हो चुका है, जबकि शेष संभागों में यह प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू की जाएगी। अभी तक 1,75,475 किसानों ने 7,51,595 मीट्रिक टन गेहूँ बेचने के लिए स्लॉट बुक कराए हैं।

प्रदेश में गेहूँ खरीदी के लिए 3171 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। रबी विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सरकार द्वारा 2585 रुपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य के साथ 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस जोड़कर कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी की जा रही है।
खाद्य मंत्री ने बताया कि गेहूँ के सुरक्षित भंडारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था की गई है। जूट बारदानों के साथ-साथ पीपी/एचडीपी बैग का उपयोग किया जा रहा है, जिससे उपार्जित गेहूँ को सुरक्षित रखा जा सके।

इस वर्ष प्रदेश में रिकॉर्ड 19.04 लाख किसानों ने पंजीयन कराया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 3.60 लाख अधिक है। पिछले वर्ष लगभग 77 लाख मीट्रिक टन गेहूँ की खरीदी की गई थी, जबकि इस वर्ष 78 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सरकार का कहना है कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित किया जा रहा है।