सागर। जिले में फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में बांदरी थाना पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त चलाकर लंबे समय से फरार चल रहे 7 वारंटियों को गिरफ्तार किया है। वहीं 9 अन्य वारंटियों को पकड़ने के बाद उन्होंने न्यायालय से वारंट निरस्त कराने की रसीद पेश की, जिसके बाद उन्हें छोड़ दिया गया।
देर रात दी दबिश, कई आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने थाना क्षेत्र में अलग-अलग टीमें बनाकर गुंडे-बदमाश, निगरानीशुदा और वारंटियों की तलाश में अभियान चलाया। देर रात विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर कार्रवाई की गई, जिसमें 7 वारंटी पुलिस के हत्थे चढ़े।
पुलिस के अनुसार, मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे श्रीराम (40), अज्जा उर्फ विश्वनाथ (22) और रामाधार (22), सभी निवासी टिगरा, को गिरफ्तार किया गया। इनके खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी थे।

इसी तरह अन्य गिरफ्तार वारंटियों में विशेष (24), धीरज (30), इमरत (40) और सुंदर, सभी निवासी बांदरी, शामिल हैं।
9 वारंटियों ने दिखाई रसीद
कार्रवाई के दौरान 9 अन्य वारंटियों की भी जांच की गई। जांच में सामने आया कि उन्होंने पहले ही न्यायालय से अपने वारंट निरस्त करा लिए थे, लेकिन थाने में इसकी जानकारी नहीं दी थी। संबंधित व्यक्तियों द्वारा रसीद प्रस्तुत करने पर पुलिस ने सत्यापन के बाद उन्हें छोड़ दिया।
कोर्ट में पेश कर भेजा जेल
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने 3 स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार करते हुए कुल 13 गिरफ्तारी वारंट तामील कराए।
थाने के उप निरीक्षक गणपत बुंदेला ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट के आदेश पर उन्हें उपजेल खुरई भेज दिया गया है।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।