छतरपुर। जिले के बारीगढ़ थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला द्वारा आत्महत्या का प्रयास करने का मामला सामने आया है। मोबाइल चोरी के आरोप से आहत होकर 65 वर्षीय महिला ने जहरीला पदार्थ खा लिया। फिलहाल उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
महिला की पहचान संपत अहिरवार (65) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजन उसे पहले स्थानीय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
आरोप लगाने पहुंचे दंपती, गाली-गलौज का आरोप
परिजनों के मुताबिक, घटना के समय महिला का पति खेत पर गया हुआ था। इसी दौरान गांव के एक दंपती घर पहुंचे और मोबाइल चोरी का आरोप लगाने लगे। आरोप है कि उन्होंने महिला के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की कोशिश भी की।

बताया गया कि आरोपियों ने मोबाइल की तलाश में घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। कपड़े, बिस्तर और अनाज तक बिखेर दिए गए। महिला ने खुद को निर्दोष बताते हुए मंदिर में कसम खाने की बात भी कही, लेकिन आरोप लगाने वाले नहीं माने।
पेड़ की खोह में मिला मोबाइल
बाद में मोबाइल घर के पास एक पेड़ की खोह में मिला। जानकारी के अनुसार, महिला आम तोड़ने गई थी और उसी दौरान उसने मोबाइल वहां रख दिया था।
मोबाइल मिलने के बावजूद हुए अपमान और मानसिक तनाव से आहत होकर महिला ने जहर खा लिया।
गांव में तनाव, कार्रवाई की मांग
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।
स्वस्थ होने पर दर्ज होंगे बयान
जुझारनगर थाना प्रभारी राजकुमार यादव ने बताया कि अस्पताल से सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी गई है। महिला के स्वस्थ होने पर उसके बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।