ढाना में एनसीसी प्रशिक्षण शिविर 162 का शुभारंभ !

Spread the love

सागर जिले के समीप स्थित ढाना में 11 म०प्र० बटालियन एनसीसी द्वारा संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर क्रमांक–162 का भव्य शुभारंभ किया गया। इस शिविर में जिले एवं आसपास के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों से लगभग 500 सीनियर डिवीजन, सीनियर विंग, जूनियर डिवीजन एवं जूनियर विंग के कैडेट्स उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।

शिविर का उद्घाटन कैम्प कमांडेंट कर्नल दुष्यंत शर्मा द्वारा ऑपनिंग एड्रेस के माध्यम से किया गया। उन्होंने कैडेटों से परिचय प्राप्त करते हुए उन्हें अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्र सेवा की भावना को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि एनसीसी केवल एक प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है, जो उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए आवश्यक गुण प्रदान करता है।

इस प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य कैडेटों को शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक रूप से सुदृढ़ बनाना है। शिविर के दौरान कैडेटों को आगामी महत्वपूर्ण कैम्पों जैसे टीएससी (थल सेना कैंप) और आरडीसी (गणतंत्र दिवस शिविर) की तैयारी करवाई जा रही है। इसके अंतर्गत उन्हें खेलकूद, शूटिंग तथा अन्य प्रतिस्पर्धात्मक गतिविधियों में दक्ष बनाया जा रहा है।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत कैडेटों को प्रतिदिन पीटी, योगा, ड्रिल, मैप रीडिंग एवं फायरिंग जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों का गहन अभ्यास कराया जा रहा है। ड्रिल प्रशिक्षण में विशेष रूप से सलामी शस्त्र, गार्ड माउंटिंग तथा राजपथ के लिए मार्चिंग की बारीकियों पर ध्यान दिया जा रहा है, जिससे कैडेट्स राष्ट्रीय स्तर की परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।

इसके अलावा शिविर में कैडेटों को केवल सैन्य प्रशिक्षण ही नहीं, बल्कि उनके समग्र विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। खेलकूद गतिविधियों के माध्यम से उनकी शारीरिक क्षमता को बढ़ाया जा रहा है, वहीं व्यक्तिगत स्वच्छता, अनुशासन और समय प्रबंधन जैसे विषयों पर भी उन्हें जागरूक किया जा रहा है। शिविर में नैतिक एवं प्रेरणादायक विषयों पर व्याख्यान आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे कैडेटों में सकारात्मक सोच और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके।

इस शिविर में आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज सागर, पी जी कॉलेज रहली, ज्ञानसागर कॉलेज, ए पी एस सागर, ज्ञानोदय विद्यालय सागर, संदीपनी स्कूल रहली, मॉडल स्कूल हटा, डी एम ए सागर तथा जे एन वी हटा सहित कई शिक्षण संस्थानों के कैडेट्स प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

शिविर के सफल संचालन में लेफ्टिनेंट जयनारायण यादव, मुकेश कुमार पचौरी, एस.एस. राजपूत, पी.एन. खेमरिया, दुर्गा लोधी एवं शालिनी जैन का विशेष योगदान है। ये सभी अधिकारी कैडेटों के साथ सक्रिय सहभागिता करते हुए उन्हें मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं और उनके प्रशिक्षण को प्रभावी बना रहे हैं।

कैडेटों में इस शिविर को लेकर विशेष उत्साह और जोश देखने को मिल रहा है। वे पूरे मनोयोग से प्रशिक्षण गतिविधियों में भाग ले रहे हैं और अपने कौशल को निखारने के लिए तत्पर हैं। इस प्रकार का प्रशिक्षण न केवल उन्हें भविष्य के लिए तैयार करता है, बल्कि उनमें राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास भी करता है।

संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर क्रमांक–162 निश्चित रूप से कैडेटों के जीवन में एक महत्वपूर्ण अनुभव साबित होगा, जो उन्हें एक जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में प्रेरित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *