सागर के समग्र विकास के लिए सभी विभाग समन्वय से करें कार्य : उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल !

Spread the love

सागर। मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा है कि सागर जिले के समग्र विकास के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया जाए, ताकि जनता को विकास कार्यों की जानकारी मिल सके और पारदर्शिता बनी रहे।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल सागर में आयोजित जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह, विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, विधायक श्री प्रदीप लारिया, विधायक श्री ब्रज बिहारी पटेरिया, विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

बैठक में उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि सागर शहर में स्मार्ट सिटी परियोजना के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य हुए हैं और आज सागर प्रदेश के प्रमुख विकसित शहरों में अपनी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि सागर को आदर्श जिला बनाने के लिए सभी विभाग योजनाबद्ध तरीके से कार्य करें। उन्होंने सागर रिंग रोड एवं भोपाल, जबलपुर और नरसिंहपुर को जोड़ने वाले बायपास निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से न केवल शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होगी, बल्कि बाहरी क्षेत्रों से आने-जाने वाले लोगों को भी बड़ी सुविधा मिलेगी।

उप मुख्यमंत्री ने बीना रिफाइनरी क्षेत्र की क्षतिग्रस्त सड़कों का निरीक्षण कर मरम्मत के लिए शीघ्र डीपीआर तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत विधानसभा-वार प्रस्ताव तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। साथ ही सागर शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए विस्तृत कार्ययोजना बनाने, ट्रांसपोर्ट नगर शिफ्टिंग का कार्य तेज करने तथा राजघाट चौराहे से धर्मश्री तक सड़कों के बीच लगे बिजली खंभों को हटाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक ब्लड बैंक स्थापित करने का प्रस्ताव रखा। इस पर उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने जिला चिकित्सालय सागर के ब्लड बैंक को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने ब्लड बैंक की क्षमता प्रारंभिक स्तर पर 2000 यूनिट तथा भविष्य में 5000 यूनिट तक बढ़ाने की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नए ब्लड बैंक में एनएटी टेस्टिंग, प्लाज्मा थैरेपी, सिंगल डोनर प्लेटलेट जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा। पूर्व मंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने बताया कि उनके द्वारा आयोजित रक्तदान शिविरों में बड़ी मात्रा में रक्त एकत्रित होता है, लेकिन स्टोरेज क्षमता कम होने के कारण उसका पूरा लाभ जिलेवासियों को नहीं मिल पाता। क्षमता बढ़ने से सागर संभाग के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

विधायक श्री शैलेन्द्र जैन ने लेहदरा नाका से बेरखेड़ी गुरु तक प्रस्तावित बायपास निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा धर्मश्री बायपास के लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को शीघ्र पूर्ण करने की मांग रखी। उन्होंने बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के लंबित निर्माण कार्यों को समयसीमा में पूर्ण कराने, फर्नीचर क्लस्टर की प्रगति तथा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में हुए एमओयू की स्थिति पर भी चर्चा की। साथ ही उत्कृष्ट विद्यालय का नाम शहीद प्रदीप लारिया के नाम पर रखने की मांग भी की।

विधायक श्री प्रदीप लारिया ने मकरोनिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की क्षमता बढ़ाने, पामाखेड़ी और परसोरिया के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ उपलब्ध कराने तथा बम्होरी अंडरपास शीघ्र शुरू करने की मांग रखी। वहीं बीना विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे ने बीना रिफाइनरी क्षेत्र में प्रतिबंधित क्षेत्र में हो रहे निर्माण कार्य और खराब सड़कों का मुद्दा उठाया।

जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत ने नल-जल योजना के बाद सड़कों का गुणवत्तापूर्ण री-स्टोरेशन समयसीमा में करने और निर्माणाधीन ओवरहेड टैंकों के कार्य को तेज करने की बात कही। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं समिति सदस्य श्री कृष्णवीर सिंह ठाकुर ने सागर विकास प्राधिकरण प्रारंभ करने का प्रस्ताव रखा।

बैठक में स्वास्थ्य, सड़क, अधोसंरचना, ट्रैफिक व्यवस्था और विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सागर जिले को विकास के नए आयाम तक पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *