अवैध कारोबार और बढ़ते अपराधों पर सख्त कार्रवाई की मांग, बोले- अब शिवसेना चुप नहीं बैठेगी
सागर में शिवसेना राज्य संगठक मनी सिंग गुरोन एक बार फिर चर्चाओं में हैं। निजी अस्पतालों की मनमानी और लापरवाही के खिलाफ आवाज उठाने के बाद अब उन्होंने शहर की कानून व्यवस्था और अवैध कारोबारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जानकारी के मुताबिक मनी सिंग जल्द ही सागर के नवागत पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया से मुलाकात कर शहर सहित मकरोनिया क्षेत्र में बढ़ते अपराध और अवैध गतिविधियों पर चर्चा करेंगे।

बीते दिनों मनी सिंग ने जिला कलेक्टर से मुलाकात कर निजी अस्पतालों में हो रही लापरवाही और मनमानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। इसके बाद जिला प्रशासन ने जांच और कार्रवाई को लेकर आदेश भी जारी किया था। अब मनी सिंग शहर में बढ़ते अपराधों और अवैध कारोबारों को लेकर सक्रिय हो गए हैं।

मनी सिंग का कहना है कि सागर शहर और खासतौर पर मकरोनिया क्षेत्र में अवैध कारोबार तेजी से फैल रहे हैं। चोरी, कटरबाजी और अन्य आपराधिक घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आम नागरिकों में डर का माहौल बना हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस की लचर कार्यप्रणाली और लापरवाही के चलते अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।

उन्होंने कहा कि मकरोनिया क्षेत्र जितनी तेजी से विकसित हो रहा है, उतनी ही तेजी से अपराध और अनैतिक गतिविधियां भी बढ़ रही हैं। ऐसे में अपराधियों पर नकेल कसना बेहद जरूरी हो गया है। मनी सिंग ने कहा कि वे जल्द ही पुलिस कप्तान अनुराग सुजानिया से मुलाकात कर इन सभी मुद्दों को गंभीरता से उठाएंगे।
मनी सिंग ने साफ कहा कि अब शिवसेना हर अनैतिक और अवैध कार्यों के खिलाफ खुलकर आवाज उठाएगी। जरूरत पड़ने पर आंदोलन भी किया जाएगा। फिलहाल उनकी इस सक्रियता को लेकर शहर में चर्चाएं तेज हो गई हैं और लोगों की नजर अब पुलिस प्रशासन की कार्रवाई पर बनी हुई है।