भोपाल होटल विवाद: मुस्लिम युवक से मारपीट, चेहरे पर स्याही-गोबर पोता; युवती बोली- हम 5 साल से लिव-इन में हैं !

Spread the love

भोपाल में रविवार शाम एक होटल में युवक-युवती के मिलने को लेकर बड़ा हंगामा खड़ा हो गया। हिंदू संगठन से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं ने होटल में ठहरे एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती को पकड़ लिया। आरोप है कि कार्यकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट की, उसके चेहरे पर स्याही और गोबर पोत दिया तथा उसे अर्धनग्न कर घसीटते हुए पुलिस के हवाले कर दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला गौतम नगर इलाके स्थित प्राइड होटल का बताया जा रहा है।

होटल में पहुंच गए कार्यकर्ता

जानकारी के अनुसार कुछ हिंदू संगठन कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि होटल में एक मुस्लिम युवक और हिंदू युवती ठहरे हुए हैं। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग होटल पहुंच गए।

कार्यकर्ताओं ने होटल के कमरे से युवक और युवती को बाहर निकाल लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने मामले को कथित “लव जिहाद” से जोड़ते हुए विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान युवक के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक के चेहरे पर पहले स्याही पोती गई, फिर गोबर लगाया गया। इसके बाद उसे अर्धनग्न कर दिया गया। घटना के दौरान होटल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

युवती ने जबरदस्ती से किया इनकार

हंगामे की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक-युवती को सुरक्षा में लेकर थाने पहुंचाया।

पुलिस पूछताछ में युवती ने साफ कहा कि वह अपनी मर्जी से युवक के साथ होटल आई थी। उसने किसी प्रकार की जबरदस्ती, दुराचार या गलत व्यवहार से इनकार किया।

युवती ने बताया कि वह पिछले करीब पांच वर्षों से युवक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है और वह उसके खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहती।

उसने पुलिस को यह भी बताया कि जहां वह वर्तमान में रह रही है, वहां बाहरी युवकों के आने की अनुमति नहीं है। इसी वजह से दोनों होटल में मिलने पहुंचे थे।

युवक की पहचान आरिफ खान के रूप में

पुलिस के अनुसार युवक की पहचान आरिफ खान के रूप में हुई है। वह जहांगीराबाद क्षेत्र का रहने वाला है। वहीं युवती अयोध्यानगर इलाके की निवासी बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक दोनों घटना से करीब दो घंटे पहले होटल में चेक-इन किए थे।

जांच में सामने आया आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस जांच में युवक का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। अधिकारियों के अनुसार आरिफ खान के खिलाफ भोपाल के कई थानों में धोखाधड़ी, चोरी और अमानत में खयानत जैसे मामलों सहित आधा दर्जन से अधिक केस दर्ज हैं।

उसके खिलाफ कोहेफिजा, हनुमानगंज, गुनगा और गोविंदपुरा थाने में प्रकरण दर्ज बताए गए हैं। पुलिस ने बताया कि उसके खिलाफ कोर्ट में पांच मामले लंबित हैं और वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया था।

कुछ अन्य मामलों में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

संगठन ने झाड़ा पल्ला

घटना के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने इसे बजरंग दल से जोड़कर पोस्ट साझा किए। हालांकि विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारी जितेंद्र चौहान ने कहा कि इस घटना से बजरंग दल का कोई लेना-देना नहीं है और वीडियो में दिख रहे लोग संगठन के पदाधिकारी नहीं हैं।

कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल

इस घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था और भीड़ द्वारा कार्रवाई किए जाने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर भी चर्चा तेज है।

कानूनी जानकारों का कहना है कि यदि किसी व्यक्ति पर संदेह भी हो, तब भी कानून अपने हाथ में लेना अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे मामलों में जांच और कार्रवाई का अधिकार केवल पुलिस और न्यायिक संस्थाओं को है।

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी संबंधित लोगों की पहचान की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *