मकरोनिया पुलिस ने पकड़ा 1500 पेटी शराब से भरा ट्रक, ड्राइवर बोला- गूगल मैप के चक्कर में सागर पहुंच गए !

Spread the love

सागर। मकरोनिया थाना पुलिस ने बहेरिया मार्ग पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 1500 पेटी शराब से भरा एक आयशर ट्रक पकड़ लिया। ट्रक में “बॉम्बे व्हिस्की” की खेप भरी हुई थी। पुलिस ने वाहन को जब्त कर थाने में सुरक्षित खड़ा कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पकड़े गए वाहन का नंबर MP 09 DF 0620 बताया जा रहा है। ट्रक में मौजूद ड्राइवर और हेल्पर ने पुलिस को शराब परिवहन से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत किए हैं। फिलहाल पुलिस इन दस्तावेजों की वैधता और सत्यता की जांच कर रही है।

गूगल मैप के भरोसे भटक गए ड्राइवर और हेल्पर

पुलिस पूछताछ में ट्रक चालक रामचंद्र वर्मा ने बताया कि शराब की यह खेप खरगोन जिले के बड़वाह से लोड की गई थी और इसे रीवा पहुंचाया जाना था। ट्रक को जबलपुर होते हुए रीवा ले जाया जा रहा था।

ड्राइवर के अनुसार लंबे सफर के दौरान उसे नींद आ गई, जिसके बाद हेल्पर ने वाहन की स्टेरिंग संभाली। हेल्पर गूगल मैप के सहारे ट्रक चला रहा था, लेकिन रास्ते को लेकर भ्रम की स्थिति बन गई और वाहन निर्धारित मार्ग से भटककर सागर पहुंच गया।

इसी दौरान बहेरिया मार्ग पर पुलिस द्वारा की जा रही नियमित चेकिंग में ट्रक को रोका गया और तलाशी लेने पर उसमें भारी मात्रा में शराब मिली।

पुलिस कर रही दस्तावेजों का सत्यापन

रविंद्र चौहान ने बताया कि ट्रक और उसमें रखी शराब को फिलहाल सुरक्षित रखवा लिया गया है। ड्राइवर और हेल्पर द्वारा प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने शराब परिवहन को वैध बताया है, लेकिन दस्तावेजों का सत्यापन पूरा होने के बाद ही आगे की वैधानिक कार्रवाई तय की जाएगी।

जांच के बाद होगा अगला फैसला

पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि शराब की खेप वास्तव में निर्धारित स्थान के लिए ही भेजी जा रही थी या फिर इसके पीछे कोई अन्य एंगल है। आबकारी विभाग से भी दस्तावेजों का मिलान कराया जा सकता है।

फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और दस्तावेज सही पाए जाने पर आगे की प्रक्रिया नियमानुसार पूरी की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *