खुरई में कार से 15 पेटी अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार !

Spread the love

सागर। खुरई शहरी थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार से 15 पेटी शराब जब्त की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि इस कारोबार का मुख्य सरगना फरार बताया जा रहा है।

पुलिस के अनुसार जब्त शराब की कीमत करीब 67 हजार 500 रुपए आंकी गई है। वहीं शराब परिवहन में उपयोग की जा रही कार सहित कुल 4 लाख 67 हजार 500 रुपए का माल जब्त किया गया है।

मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई

पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति कार में अवैध शराब भरकर खुरई क्षेत्र में ला रहे हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित की गई।

टीम ने अब्दुल हमीद वार्ड के खाईपुरा क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध कार क्रमांक MP 04 CQ 9381 को रोका और उसकी तलाशी ली।

कार की डिग्गी और सीट से मिली शराब

तलाशी के दौरान कार की डिग्गी से 10 पेटी “सागर गोल्ड लाल मसाला” शराब बरामद हुई, जिसमें 500 पाव रखे थे। वहीं कार की बीच वाली सीट से 5 पेटी देशी प्लेन मदिरा मिली, जिसमें 250 पाव शराब रखी थी।

पुलिस ने कुल 135 लीटर अवैध शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 67,500 रुपए बताई गई है।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुरेंद्र उर्फ राजा अहिरवार उम्र 25 वर्ष और धर्मेंद्र अहिरवार उम्र 22 वर्ष निवासी अब्दुल हमीद वार्ड के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

शराब तस्करी का सरगना फरार

थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अवैध शराब कारोबार का मुख्य सरगना शाहिद पठान है, जो इन आरोपियों के माध्यम से शराब मंगवाता था।

पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है, लेकिन फिलहाल वह फरार बताया जा रहा है।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक पदम सिंह, प्रधान आरक्षक राजा बेदी, आरक्षक धरम दास कुशवाहा, धीरेंद्र सिंह राजावत, सोनू राज और नितिन दुबे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *