राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। ट्विशा एक रिटायर्ड महिला जज की बहू थीं और उनके पति सामर्थ शर्मा पेशे से वकील बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मृतका के मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस के अनुसार ट्विशा शर्मा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं और लगभग एक वर्ष पहले उनकी शादी भोपाल निवासी सामर्थ शर्मा से हुई थी। शादी के बाद वह अपने पति और ससुराल पक्ष के साथ कटारा हिल्स इलाके में रह रही थीं। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि मृतका के परिजन इसे संदिग्ध मौत मान रहे हैं और निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

भाई को फोन कर बताई थी प्रताड़ना की बात
मृतका के भाई मेजर हर्षित शर्मा, जो भारतीय सेना में पदस्थ हैं, ने बताया कि घटना से कुछ समय पहले ट्विशा ने उन्हें फोन किया था। फोन पर उन्होंने बताया कि पिछले आठ दिनों से उनके पति का व्यवहार बेहद खराब हो गया था। वह लगातार उन्हें अपमानित कर रहे थे, ताने मार रहे थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। बातचीत के दौरान ट्विशा काफी परेशान और भावुक लग रही थीं।
भाई के अनुसार, फोन पर बातचीत के कुछ ही देर बाद उन्हें ट्विशा की सास का कॉल आया, जिसमें बताया गया कि ट्विशा की मौत हो चुकी है और वे तुरंत भोपाल पहुंच जाएं। इस सूचना के बाद परिवार में मातम छा गया।
मायके लौटने की तैयारी कर चुकी थी ट्विशा
परिजनों का कहना है कि ट्विशा अपने ससुराल के माहौल से इतनी परेशान हो चुकी थीं कि उन्होंने मायके लौटने का फैसला कर लिया था। बताया जा रहा है कि उन्होंने भोपाल से नोएडा जाने के लिए रिजर्वेशन भी करा लिया था। परिवार का आरोप है कि इससे पहले कि वह घर छोड़ पातीं, उनकी मौत हो गई।
मृतका के भाई ने कहा कि उन्हें शक है कि केवल आत्महत्या की कहानी बनाकर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने निष्पक्ष और गहराई से जांच की मांग की है।
नौकरी छोड़ने के बाद बदल गया पति का व्यवहार
मेजर हर्षित ने बताया कि शादी के बाद तक ट्विशा नौकरी करती थीं, लेकिन कुछ समय पहले उन्होंने नौकरी छोड़ दी थी। इसके बाद से ही पति सामर्थ का व्यवहार बदलने लगा। वह ट्विशा को “नाकारा” कहकर अपमानित करता था और बार-बार उन्हें छोटा महसूस कराता था। इतना ही नहीं, परिवार और उनके मायके वालों को लेकर भी ताने दिए जाते थे।
लगातार हो रही इस मानसिक प्रताड़ना के कारण ट्विशा गहरे तनाव और डिप्रेशन में चली गई थीं। परिजनों का कहना है कि वह कई बार अपनी परेशानी साझा कर चुकी थीं, लेकिन हालात सुधरने के बजाय और बिगड़ते गए।
अनप्लान्ड प्रेग्नेंसी बनी विवाद की वजह
मामले में एक और संवेदनशील पहलू सामने आया है। मृतका के भाई के अनुसार मार्च महीने में ट्विशा की अनप्लान्ड प्रेग्नेंसी हुई थी। ट्विशा उस समय बच्चे के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थीं और इस बारे में उन्होंने पति से बात भी की थी। लेकिन ससुराल पक्ष उन पर बच्चा पैदा करने का दबाव बना रहा था।
परिजनों का आरोप है कि पति सामर्थ शर्मा इस मुद्दे पर भी ट्विशा को ताने देता था। यहां तक कि वह यह तक कहता था कि “अगर बच्चा मेरा होता तो तुम उसे गिराने की बात नहीं करती।” इस तरह के आरोप और मानसिक दबाव ने ट्विशा को पूरी तरह तोड़ दिया था।
परिवार का कहना है कि एक महिला को यह अधिकार है कि वह अपनी शारीरिक और मानसिक स्थिति को देखते हुए मातृत्व को लेकर निर्णय ले सके। लेकिन ट्विशा को लगातार दबाव और अपमान का सामना करना पड़ रहा था।
पुलिस को नहीं मिला सुसाइड नोट
घटना के बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली, लेकिन मौके से किसी प्रकार का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
कटारा हिल्स थाना पुलिस का कहना है कि फिलहाल मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिवार के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जाएगी। यदि प्रताड़ना या किसी अन्य अपराध के प्रमाण मिलते हैं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
समाज के सामने कई गंभीर सवाल
यह घटना एक बार फिर घरेलू हिंसा, मानसिक प्रताड़ना और महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य जैसे गंभीर मुद्दों को सामने लाती है। अक्सर शिक्षित और प्रतिष्ठित परिवारों में होने वाली ऐसी घटनाएं यह दिखाती हैं कि मानसिक उत्पीड़न किसी भी महिला को अंदर से तोड़ सकता है।
ट्विशा शर्मा की मौत केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि समाज के लिए भी एक चेतावनी है कि रिश्तों में सम्मान, संवाद और संवेदनशीलता कितनी जरूरी है। अब सभी की निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस मामले की सच्चाई सामने आ सके।