किसान की पीड़ा: जमीन का रिकॉर्ड सुधारने की मांग को लेकर कलेक्टर को चढ़ाई मिठाई, अब कलश यात्रा की चेतावनी !

Spread the love

सागर (मध्य प्रशदेश)। सागर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को हुई जनसुनवाई के दौरान एक अनोखा मामला सामने आया, जहाँ एक किसान ने अपनी पीड़ा को लेकर कलेक्टर को पूजा की थाली चढ़ा दी। थाली में नारियल, मिठाई और फूलमाला रखी थी। किसान ने यह थाली सीधे कलेक्टर संदीप जीआर की टेबल पर रख दी और अपनी समस्या बताई।

क्या है मामला?

किसान अजीज सिंह ठाकुर, निवासी सत्ताढाना, ने बताया कि उसकी साढ़े तीन एकड़ जमीन का रिकॉर्ड गायब हो गया है। उन्होंने इस मामले को सुधारने के लिए 26 अगस्त 2022 को कोर्ट से आदेश प्राप्त किया था, लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों ने आदेश के बावजूद जमीन का रिकॉर्ड सुधारने में कोई कार्रवाई नहीं की। बाद में, अनावेदक (विपक्षी पक्ष) सूरज सिंह ने कलेक्टर न्यायालय में अपील की, जिसके बाद आदेश निरस्त हो गया और दोबारा सुनवाई के आदेश दिए गए। हालांकि, एक साल बीत जाने के बाद भी एसडीएम जैसीनगर ने कोई फैसला नहीं सुनाया।

खेती नहीं करने दी जा रही, धमकियाँ भी मिल रही हैं

अजीज सिंह ने बताया कि उनकी जमीन पिछले 4 साल से बेकार पड़ी है, क्योंकि विपक्षी पक्ष उन्हें खेती करने नहीं दे रहा है और लगातार धमकियाँ भी दी जा रही हैं। उन्होंने कहा, “प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है, इसलिए मैंने कलेक्टर साहब को भगवान की तरह मिठाई चढ़ाई, शायद वे खुश होकर मेरी समस्या का समाधान कर दें।”

“हल नहीं हुआ तो भोपाल में निकालूँगा कलश यात्रा”

निराश किसान ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर उनकी समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे भोपाल में विधानसभा के पास कलश यात्रा निकालेंगे। उन्होंने कहा, “मैंने सभी संभव तरीके आजमा लिए, लेकिन न्याय नहीं मिला। अब मेरे पास और कोई रास्ता नहीं बचा।”

कलेक्टर ने दिए निर्देश

कलेक्टर संदीप जीआर ने किसान की बात सुनकर संबंधित अधिकारियों को तुरंत जाँच करके उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया जाएगा और जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।

यह मामला प्रशासनिक देरी और किसानों की बढ़ती निराशा को दर्शाता है। अजीज सिंह की यह कार्रवाई सरकारी तंत्र की धीमी गति के खिलाफ एक सशक्त विरोध है। अब देखना होगा कि क्या प्रशासन उनकी समस्या का त्वरित समाधान कर पाता है या किसान को भोपाल तक कलश यात्रा निकालनी पड़ेगी।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन  

7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *