सागर में ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करते युवक गिरफ्तार, मोबाइल से लाखों के लेन-देन का खुलासा !

Spread the love

सागर: सागर जिले की मोतीनगर थाना पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन आईपीएल सट्टा संचालित करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से क्रिकेट मैचों पर हार-जीत के दांव लगवाकर सट्टा खिला रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मोबाइल जब्त किया है, जिसमें लाखों रुपये के लेन-देन और सट्टे से जुड़ा पूरा रिकॉर्ड मिला है।

पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि बीजासेन मंदिर के पास एक युवक ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर मौके पर भेजी गई, जहां आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया गया।

पकड़े गए युवक की पहचान रंजीत सोनी (24 वर्ष), निवासी पुरव्याऊ टौरी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी उस समय रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच चल रहे आईपीएल मैच पर सट्टा खिला रहा था।

मौके से पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 20 हजार रुपये मूल्य का मोबाइल फोन जब्त किया। जब मोबाइल की जांच की गई तो उसमें एक ऑनलाइन सट्टा वेबसाइट सक्रिय मिली, जिसके माध्यम से आईपीएल मैचों पर दांव लगाए जा रहे थे। जांच में मोबाइल से लाखों रुपये के लेन-देन, हिसाब-किताब और विभिन्न टीमों पर लगाए गए दांव का विस्तृत रिकॉर्ड भी बरामद हुआ है।

पुलिस का कहना है कि मोबाइल में मिले डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर सट्टा नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इसका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

आरोपी के खिलाफ मोतीनगर थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4(क) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी जसवंत सिंह राजपूत ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और सट्टे के पूरे नेटवर्क को उजागर करने के लिए तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आईपीएल जैसे बड़े क्रिकेट आयोजनों के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी की गतिविधियां बढ़ जाती हैं, जिस पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इस तरह की अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी ताकि युवा वर्ग को इससे दूर रखा जा सके।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध सट्टा गतिविधियों को लेकर हड़कंप मच गया है और पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *