बंडा नगर के वार्ड क्रमांक-11 स्थित कॉलेज रोड पर एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है, जहाँ एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत कर्मचारी अभिषेक दुबे के मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया। घटना रविवार की है, जब अभिषेक दुबे अपने परिवार के साथ बेटी का मुंडन कार्यक्रम कराने के लिए अबार माता मंदिर गए हुए थे। इस दौरान घर में ताला लगा होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने मकान में घुसपैठ की और अलमारी में रखे कीमती सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।

अभिषेक दुबे द्वारा थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, उनके घर से चोर सोने की पांच अंगूठियां, एक हार, मंगलसूत्र, चूड़ियां, पांचाली, टॉप्स, झुमकी, चांदी की पायलें, दो करधोनी, बिछिया समेत अन्य पुराने इस्तेमाली गहने चुरा ले गए। चोरी गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 1.95 लाख रुपए बताई जा रही है। जब परिवार शाम को मंदिर से लौटकर घर पहुंचा, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और भीतर अलमारी का लॉक भी क्षतिग्रस्त था। सारा सामान बिखरा पड़ा था, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि चोरों ने पूरे घर की तलाशी ली थी।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से आरोपियों के संबंध में साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। चोरी की घटना के संबंध में पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें शीघ्र गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल यह घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और नागरिकों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया।
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 91069619237