भोपाल न्यू मार्केट में घटिया टाइल्स का मामला: 12 घंटे में टूटीं, फिसलकर गिरे बाइक सवार !

Spread the love

Bhopal के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र न्यू मार्केट में नगर निगम की लापरवाही और ठेकेदार की कथित मनमानी सामने आई है। यहां लगाई गई नई टाइल्स महज 12 घंटे के भीतर ही जगह-जगह से टूट गईं, जबकि चिकनी सतह होने के कारण कई बाइक सवार फिसलकर गिर पड़े। शिकायत मिलने के बाद नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और ठेकेदार को पूरी टाइल्स बदलने के निर्देश दिए।

एक साल में दूसरी बार बदली जा रहीं टाइल्स

व्यापारियों के मुताबिक, न्यू मार्केट में करीब एक साल पहले भी टाइल्स लगाई गई थीं, लेकिन वे जल्द ही टूटने लगीं। लगातार शिकायतों के बाद नगर निगम ने दोबारा टाइल्स लगाने का काम शुरू कराया। गुरुवार रात ठेकेदार द्वारा नई टाइल्स बिछाई गईं, लेकिन सुबह होते-होते उनकी गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए।

बताया जा रहा है कि निर्धारित 1.5 एमएम मोटाई की जगह ठेकेदार ने 0.75 एमएम की घरेलू उपयोग वाली पतली टाइल्स लगा दीं। यही वजह रही कि लोगों के पैदल चलने भर से टाइल्स टूटने लगीं।

चिकनी टाइल्स बनी हादसे की वजह

स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने सड़क और बाजार क्षेत्र के लिए उपयुक्त एंटी-स्किड टाइल्स लगाने के बजाय अत्यधिक चिकनी सतह वाली टाइल्स लगा दीं। इसके चलते 2 से 3 बाइक सवार फिसलकर गिर गए। हादसों के बाद व्यापारियों और स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई।

व्यापारियों की शिकायत पर हरकत में आया निगम

न्यू मार्केट व्यापारियों ने मामले की शिकायत स्थानीय पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से की। शिकायत मिलते ही निगम की टीम निरीक्षण के लिए मौके पर पहुंची। जांच में टाइल्स की गुणवत्ता खराब पाई गई, जिसके बाद ठेकेदार को सभी टाइल्स हटाकर नई और मानक गुणवत्ता वाली टाइल्स लगाने के निर्देश दिए गए।

निगम की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

घटना के बाद नगर निगम की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों का कहना है कि अगर काम शुरू होने से पहले गुणवत्ता की जांच की जाती, तो सरकारी पैसे की बर्बादी और लोगों की जान जोखिम में नहीं पड़ती। स्थानीय लोगों ने दोषी ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग भी की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *