‘भूपेंद्र भैया की ब्लड हेल्पलाइन’ बनी जरूरतमंदों की जीवनरेखा, 3 दिनों में 116 मरीजों को मिला निःशुल्क रक्त !

Spread the love

सागर। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के जन्मदिन पर आयोजित विशाल रक्तदान शिविर ने न केवल नया रिकॉर्ड बनाया, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए उम्मीद की नई किरण भी जगाई है। उनके कार्यालय से संचालित “भूपेंद्र भैया की ब्लड हेल्पलाइन सेवा” लगातार गंभीर मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। रक्तदान शिविर के बाद केवल तीन दिनों — 21 मई से 23 मई 2026 के बीच — इस हेल्पलाइन के माध्यम से 116 जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया।

यह सेवा प्रकल्प पिछले कुछ समय से सागर संभाग और आसपास के जिलों के मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा बन चुका है। जून 2025 में शुरू हुई इस रक्त सेवा पहल के तहत 15 मई 2026 तक कुल 1004 गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा चुका था। वहीं 23 मई तक यह संख्या बढ़कर 1157 तक पहुंच गई। विशेष बात यह रही कि इनमें से 116 मरीज केवल पिछले तीन दिनों में हेल्पलाइन से जुड़े और उन्हें समय पर निःशुल्क रक्त उपलब्ध कराया गया।

“भूपेंद्र भैया की ब्लड हेल्पलाइन” सेवा का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद मरीजों को आपात स्थिति में तत्काल रक्त उपलब्ध कराना है। इस पहल के कारण न केवल मरीजों की जान बच रही है, बल्कि उन्हें महंगे दामों पर रक्त की व्यवस्था करने की परेशानी से भी राहत मिल रही है। सागर संभाग के अलावा दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और विदिशा जैसे जिलों के मरीज भी इस सेवा से लाभान्वित हो रहे हैं।

हाल ही में 16 मई से 19 मई तक भूपेन्द्र सिंह के जन्मदिन के अवसर पर चार दिवसीय विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया था। इस शिविर में रिकॉर्ड 2221 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह रक्त सागर, दमोह, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और विदिशा जिला अस्पतालों के साथ-साथ हमीदिया अस्पताल के ब्लड बैंक तक भेजा गया। इतनी बड़ी मात्रा में रक्त संग्रहित होने से कई जिलों के अस्पतालों में ब्लड की कमी को दूर करने में सहायता मिली है।

गत तीन दिनों में जिन 116 मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया गया, उनमें सागर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से इलाज के लिए संभागीय मुख्यालय पहुंचे मरीज शामिल रहे। इनमें दुर्घटना पीड़ित, प्रसूता महिलाएं, थैलेसीमिया मरीज, ऑपरेशन के लिए भर्ती मरीज और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोग शामिल बताए गए हैं। हेल्पलाइन टीम द्वारा ब्लड डोनर्स और ब्लड बैंक के समन्वय से जरूरतमंदों तक समय पर रक्त पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

रक्तदान को सेवा प्रकल्प के रूप में अपनाने वाले भूपेन्द्र सिंह और उनके पुत्र अविराज सिंह के जन्मदिन पर पिछले 12 वर्षों में कुल 15,903 यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है। यह उपलब्धि अपने आप में एक बड़ी सामाजिक पहल मानी जा रही है। इस महत्वपूर्ण सेवा कार्य को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स द्वारा भी रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है।

इस सेवा की खास बात यह है कि हेल्पलाइन चौबीसों घंटे सक्रिय रहती है। जरूरतमंद मरीज या उनके परिजन किसी भी समय हेल्पलाइन नंबर 9228035418 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा लैंडलाइन नंबर 262688 पर भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। आपात स्थिति में सीधे भूपेन्द्र सिंह के मोबाइल नंबर 9425171211 पर कॉल, व्हाट्सएप या एसएमएस के माध्यम से संपर्क किया जा सकता है।

बताया जाता है कि पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह स्वयं इस हेल्पलाइन सेवा की लगातार मॉनिटरिंग करते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि किसी भी जरूरतमंद को रक्त के अभाव में परेशानी न उठानी पड़े। उनके समर्थक और सामाजिक कार्यकर्ता भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।

सामाजिक क्षेत्र में यह पहल अब एक जनआंदोलन का रूप लेती दिखाई दे रही है। बड़ी संख्या में युवा रक्तदान के लिए आगे आ रहे हैं और नियमित डोनर के रूप में पंजीयन करा रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि इसी प्रकार समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ती रही तो भविष्य में ब्लड की कमी जैसी गंभीर समस्या पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है।

“भूपेंद्र भैया की ब्लड हेल्पलाइन सेवा” आज केवल एक हेल्पलाइन नहीं, बल्कि उन हजारों जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद और जीवन का सहारा बन चुकी है, जिन्हें संकट की घड़ी में समय पर रक्त उपलब्ध हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *