Bina में बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल की कीमतों के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ट्रैक्टर, पंजा मशीन और बैलगाड़ी के साथ शहर में जुलूस निकालकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई विरोधी नारे लगाए और आम जनता पर बढ़ती कीमतों के असर को लेकर सरकार को घेरा।
प्रदर्शन का नेतृत्व जिला ग्रामीण कांग्रेस संगठन मंत्री पी.पी. नायक ने किया। कांग्रेस कार्यकर्ता सर्वोदय चौराहा पर एकत्रित हुए, जहां से जुलूस शुरू हुआ। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ अंबेडकर तिराहा स्थित पेट्रोल पंप तक पहुंचा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और तख्तियां लेकर सरकार विरोधी नारे लगाए।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान “सखी सैंय्या बहुत कमात है, महंगाई डायन खाए जात है” जैसे गीत गाकर महंगाई के खिलाफ अपना विरोध जताया। सड़क पर ट्रैक्टर और बैलगाड़ी के साथ निकाले गए जुलूस को देखने के लिए लोगों की भीड़ भी जुटी रही। प्रदर्शन के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित भी हुआ।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन तहसीलदार अंबर पंथी को सौंपा। ज्ञापन में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताते हुए आम जनता को राहत देने की मांग की गई।
इस दौरान जिला ग्रामीण कांग्रेस संगठन मंत्री पी.पी. नायक ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर किसानों और आम नागरिकों पर पड़ रहा है। खेती-किसानी की लागत बढ़ने से किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो रही है।
उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण परिवहन खर्च बढ़ गया है, जिससे खाने-पीने की वस्तुओं सहित अन्य जरूरी सामान भी महंगे हो गए हैं। आम आदमी की आय सीमित है, लेकिन खर्च लगातार बढ़ते जा रहे हैं, जिससे परिवारों का बजट बिगड़ रहा है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि किसानों को उनकी उपज का सही समय पर उचित मूल्य नहीं मिल पा रहा है। दूसरी ओर डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ने से कृषि कार्य महंगे होते जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका असर सीधे तौर पर खाद्य वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है और आम जनता को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
युवक कांग्रेस अध्यक्ष महेश व्यास ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पुराने बयान का जिक्र करते हुए कहा कि जब नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे, तब उन्होंने कहा था कि जिस देश का रुपया डॉलर के मुकाबले कमजोर होता है, उस देश के प्रधानमंत्री की साख भी कमजोर होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से महंगाई नियंत्रित करने और जनता को राहत देने की मांग की।
कांग्रेस नेता अशोक परिहार ने कहा कि रसोई गैस, खाद्य तेल, दाल, शक्कर और चावल सहित लगभग सभी आवश्यक वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। इसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आम आदमी का घर चलाना मुश्किल होता जा रहा है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में निर्भय सिंह ठाकुर, अनुराग ठाकुर, प्रशांत राय, पंकज यादव, भाव सिंह, नरेंद्र सिंह ठाकुर, चंद्रशेखर बबलू राज, ओमप्रकाश पासु, प्रभुदयाल सोनी, एडवोकेट हरिनारायण कुशवाहा, देवदत्त तिवारी, निदान जैन, सुखलाल बाबू, ममता अहिरवार, प्रमोद राय, सतीश तिवारी, शिवकुमार अहिरवार, उमा नवैया, मोनू खान, खुशीलाल अहिरवार, देवेंद्र नायक, देवेश शाह, राकेश तिवारी, एडवोकेट राजाराम अहिरवार, एडवोकेट कृष्णा केथोरिया, मोहिनी कश्यप, कविता नाहर, शिवानी बौद्ध, प्रकाश बजाज, विवेक पोरिया, देवेंद्र कुशवाहा और आलोक कटारिया सहित कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने सरकार से पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की कीमतों में कमी कर आम जनता को राहत देने की मांग की।