मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा एक बार फिर सामने आया है। ईटखेड़ी इलाके में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब कथित तौर पर दो बोलेरो गाड़ियां सड़क पर रेस लगा रही थीं। इसी दौरान एक बोलेरो ने पीछे से ई-रिक्शा को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वाहन पलट गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
यह हादसा जगदीशपुर रोड स्थित मेरिकल गार्डन के पास हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बुधवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान फैसल खान के रूप में हुई
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जगदीशपुर निवासी मुईन उर्फ फैसल खान (23) के रूप में हुई है। फैसल बैटरी चालित ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घटना के समय वह ईटखेड़ी से जगदीशपुर रोड की ओर जा रहा था। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त रिक्शा में कोई सवारी मौजूद नहीं थी, वरना यह दुर्घटना और भी भयावह हो सकती थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पीछे से तेज रफ्तार में आ रही दो बोलेरो गाड़ियां एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में थीं। इसी दौरान एक बोलेरो अनियंत्रित हो गई और उसने फैसल के ई-रिक्शा को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा सड़क पर पलट गया और फैसल का सिर नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक के भाई अलफाज खान ने बताया कि फैसल परिवार का सबसे जिम्मेदार सदस्य था। वह मेहनत मजदूरी कर घर चला रहा था और पूरे परिवार की उम्मीद उसी पर टिकी हुई थी। करीब डेढ़ साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। हादसे के बाद परिवार में मातम का माहौल है।
परिजनों का आरोप है कि बोलेरो चालक बेहद लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहे थे। यदि समय रहते उन पर नियंत्रण किया जाता या सड़क पर रेसिंग जैसी गतिविधियों पर सख्ती होती तो फैसल की जान बच सकती थी।
पुलिस जुटी जांच में
ईटखेड़ी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हादसे में शामिल बोलेरो वाहनों की पहचान की जा सके। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने की बात सामने आई है। आरोपियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
बढ़ती सड़क रेसिंग बनी खतरा
भोपाल समेत कई शहरों में सड़क पर रेसिंग और स्टंटबाजी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। खासकर देर शाम और रात के समय युवा तेज रफ्तार वाहनों से सड़क को रेस ट्रैक बना देते हैं। इससे आम लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि सड़क पर रेसिंग केवल ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन नहीं बल्कि गंभीर आपराधिक लापरवाही है। ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई और लगातार निगरानी जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि जगदीशपुर और ईटखेड़ी रोड पर अक्सर तेज रफ्तार वाहन दौड़ते हैं, लेकिन ट्रैफिक पुलिस की निगरानी बेहद कमजोर है। कई बार शिकायतों के बावजूद इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल या पुलिस पेट्रोलिंग की प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं फैसल खान की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर सड़कों पर बेलगाम रफ्तार पर कब लगाम लगेगी।