सागर में महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापना की कवायद तेज, प्रस्तावित स्थलों का किया गया निरीक्षण !

Spread the love

सागर शहर में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा स्थापना को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को महाराणा प्रताप कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष केशव सिंह भदौरिया सागर पहुंचे। यहां उन्होंने क्षत्रिय समाज के प्रतिनिधियों और समाजजनों के साथ मिलकर प्रतिमा स्थापना के लिए प्रस्तावित स्थलों का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान क्षत्रिय समाज के जिला अध्यक्ष नीरज सिंह नयाखेड़ा सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे। सभी ने मिलकर विभिन्न संभावित स्थानों का जायजा लिया और प्रतिमा स्थापना से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के स्टेडियम के सामने प्रस्तावित स्थल का भी निरीक्षण किया, जिसे प्रमुख विकल्प के रूप में देखा जा रहा है।

इस दौरान केशव सिंह भदौरिया ने नगर निगम आयुक्त से दूरभाष पर चर्चा कर निर्देश दिए कि राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया को शीघ्र गति दी जाए। उन्होंने कहा कि सभी औपचारिकताओं को जल्द पूरा किया जाए, ताकि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रतिमा का लोकार्पण एवं अनावरण संभव हो सके।

भदौरिया ने कहा कि महाराणा प्रताप केवल क्षत्रिय समाज ही नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र के गौरव पुरुष हैं। उनका अदम्य साहस, शौर्य, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ऐसी महान विभूतियों की प्रतिमा स्थापित होना आने वाली पीढ़ियों को इतिहास और राष्ट्रभक्ति से जोड़ने का कार्य करेगा।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले सागर से क्षत्रिय समाज का एक प्रतिनिधिमंडल भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मिला था। इस दौरान खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री गोविंद सिंह राजपूत और जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने सागर में महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित करने की मांग रखी थी, जिस पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन दिया था।

इसी आश्वासन के बाद अब स्थानीय स्तर पर प्रतिमा स्थापना की प्रक्रिया में तेजी लाई गई है। प्रशासनिक और सामाजिक स्तर पर समन्वय बनाकर स्थल चयन और अन्य तैयारियों को अंतिम रूप देने की कोशिश की जा रही है।

निरीक्षण के दौरान रामबाबू सिंह, नर्वदा सिंह, संदीप सिंह भापेल, अवध बिहारी, सरमन सिंह उमरारी, एडवोकेट अनिल सिंह पड़रई, साहब सिंह सेमरा, अमर सिंह डावरी, धीरज सिंह अमझिरा, मूरत सिंह, बुंदेल सिंह, रितु जितेंद्र सिंह परिहार, अरविंद सिंह टिंकू राजा और हिमेश सिंह गौर सहित अनेक समाजजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *