शहर में बकरीद (ईद-उल-अजहा) का पर्व इस वर्ष भी बड़े उत्साह, श्रद्धा और भाईचारे के साथ मनाया गया। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुबह से ही मस्जिदों और ईदगाहों में पहुंचकर ईद की नमाज अदा की और देश में अमन-चैन, तरक्की व खुशहाली की दुआ मांगी। पूरे शहर में त्योहार को लेकर खुशी और उत्सव का माहौल देखने को मिला।
सबसे अधिक भीड़ नईबस्ती स्थित ईदगाह में देखने को मिली, जहां बड़ी संख्या में बड़े-बुजुर्ग, युवा और बच्चों ने एक साथ ईद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान ईदगाह परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और सभी ने मिलकर दुआएं कीं। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद-उल-अजहा की मुबारकबाद दी और आपसी सौहार्द का संदेश दिया।
नमाज के बाद कई लोग अपने-अपने पूर्वजों की कब्रों पर भी पहुंचे, जहां उन्होंने फातिहा पढ़ी और पुष्प अर्पित कर उन्हें याद किया। कब्रिस्तानों में दिनभर श्रद्धा और भावनाओं का माहौल बना रहा। लोगों ने अपने दिवंगत परिजनों के लिए दुआएं मांगी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

शहर के काजी रिजवान हाशमी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस बार शहर में कुल सात प्रमुख स्थानों पर ईद की नमाज अदा की गई। नमाज का सिलसिला सुबह 7 बजे से शुरू हुआ, जिसमें इटावा ईदगाह, नूरानी मस्जिद (छोटी बाजार) और बंगले वाली मस्जिद में सबसे पहले नमाज अदा की गई।
इसके बाद सुबह 7:30 बजे गौसुल रजा मस्जिद और जामा मस्जिद में नमाज संपन्न हुई। वहीं सुबह 7:45 बजे रजा मस्जिद में भी ईद की नमाज अदा कराई गई। सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ ईद मनाई गई।
मुख्य आयोजन सुबह 8 बजे नई बस्ती ईदगाह में हुआ, जहां सबसे अधिक संख्या में नमाजी एकत्र हुए। यहां नमाज के बाद विशेष दुआ में देश और समाज की तरक्की, अमन और भाईचारे की कामना की गई। पूरे ईदगाह परिसर में सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
ईदगाह के बाहर प्रशासन की ओर से भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी गई थी। तहसीलदार डॉ. अंबर पंथी और टीआई अनूप यादव सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने भी नमाज के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद की मुबारकबाद दी और शांतिपूर्ण आयोजन के लिए सभी को धन्यवाद दिया।
पूरे शहर में ईद-उल-अजहा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के संदेश के साथ संपन्न हुआ। लोग दिनभर एक-दूसरे से मिलकर ईद की बधाई देते रहे और खुशियों को साझा करते नजर आए।