मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में एक स्टॉक मार्केट ट्रेडर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतक का शव घर के बंद कमरे में जमीन पर बिछे बिस्तर पर मिला। कमरे में लैपटॉप चालू हालत में था, जिसमें MCX और शेयर बाजार से जुड़ी वेबसाइटें खुली हुई थीं। वहीं मौके से सल्फास की गोलियों की डिब्बी मिलने के बाद पुलिस प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका जता रही है।
मामला ओरछा रोड थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राजेश अग्रवाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तरप्रदेश के झांसी जिले के बरुआसागर के निवासी थे। बताया जा रहा है कि परिवार ने वहां का मकान बेच दिया था और लंबे समय से छतरपुर में रह रहा था। करीब एक महीने पहले ही परिवार नए मकान में शिफ्ट हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, राजेश अग्रवाल पिछले दो दिनों से अपने कमरे में बंद थे और बाहर नहीं निकले थे। परिवार के लोगों को शुरुआत में इस पर ज्यादा शक नहीं हुआ, क्योंकि वे अक्सर लंबे समय तक कमरे में रहकर काम करते थे। लेकिन जब काफी समय तक कोई हलचल नहीं हुई तो सूचना पुलिस तक पहुंची।
सूचना मिलने पर ओरछा रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने कमरे का दरवाजा काफी देर तक खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजे को धक्का देकर खोला गया। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए।

राजेश अग्रवाल जमीन पर बिछे बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े थे। उनके शरीर पर केवल बनियान और अंडरवियर था। नाक से खून बह रहा था। कमरे की लाइट और एयर कंडीशनर चालू थे। शव के पास मोबाइल फोन रखा था, जबकि सामने लैपटॉप ऑन हालत में रखा था, जिसकी स्क्रीन पर MCX और शेयर बाजार से जुड़ा पोर्टल खुला हुआ था और उस पर लगातार आंकड़े दिखाई दे रहे थे।
पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मोबाइल फोन, जरूरी दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त कर लिए हैं। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक शेयर ट्रेडिंग और MCX कारोबार से जुड़ा हुआ था। पुलिस अब उसके आर्थिक लेन-देन, मोबाइल डेटा और लैपटॉप रिकॉर्ड की भी जांच करेगी।
मृतक की 90 वर्षीय मां ने पुलिस को बताया कि राजेश मंगलवार रात करीब 8 से 9 बजे अपने कमरे में गए थे, जिसके बाद बाहर नहीं निकले। वे अक्सर बीच-बीच में कमरे से निकलकर थोड़ा खाना खाते या फ्रिज से पानी लेकर वापस चले जाते थे। इसी वजह से परिवार को शुरुआत में किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ।

पुलिस जांच के दौरान एक और चौंकाने वाली बात सामने आई। पुलिस के अनुसार मृतक की पत्नी और बेटा मानसिक रूप से अस्वस्थ हैं। जब पुलिस मौके पर पहुंची तब पत्नी रसोई में सामान्य रूप से रोटियां बना रही थी, जबकि बेटा घर के सोफे पर बैठा हुआ था। दोनों को यह तक अंदाजा नहीं था कि घर के अंदर क्या हो चुका है।
जांच के दौरान बेटे ने पुलिस को एक रजिस्टर दिया, जिसमें रिश्तेदारों और परिचितों के मोबाइल नंबर लिखे हुए थे। पुलिस ने उसी रजिस्टर के आधार पर परिवार और समाज के लोगों को सूचना दी।
पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि परिवार का आसपास के लोगों से ज्यादा संपर्क नहीं था और घर के सदस्य कम ही बाहर दिखाई देते थे। शुरुआती सूचना भी पुलिस को मुखबिरों के माध्यम से मिली थी कि पिछले दो दिनों से राजेश अग्रवाल से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

स्थानीय स्तर पर यह चर्चा भी है कि मृतक MCX ट्रेडिंग के अलावा सट्टे के कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। कुछ लोगों का यह भी दावा है कि वह पहले जुए के मामले में पकड़ा जा चुका है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन बातों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने FSL टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने कमरे और आसपास के इलाके की बारीकी से जांच कर जरूरी सैंपल और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और FSL जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि घटनास्थल से सल्फास की गोलियों की डिब्बी बरामद हुई है, जिससे प्रथम दृष्टया आत्महत्या की आशंका लग रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की बात कही जा रही है।