भीम आर्मी भारत एकता मिशन की जिला स्तरीय समीक्षा बैठक आज सागर में आयोजित की गई। बैठक में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों, सदस्यता अभियान तथा सामाजिक और जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिले भर से आए पदाधिकारियों, विधानसभा अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश सचिव धर्मेंद्र अहिरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संभाग अध्यक्ष नवीन बौद्ध ने की। इस दौरान उपाध्यक्ष महेंद्र अहिरवार, कमलेश अहिरवार, पूरन चौधरी, सचिन अहिरवार, जीवन अहिरवार, अर्जुन अहिरवार एवं संतोष अहिरवार सहित जिले के सभी विधानसभा अध्यक्ष, कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, युवाओं को संगठन से जोड़ने तथा समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्गों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाने पर जोर दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि भीम आर्मी संविधान निर्माता भीमराव रामजी आंबेडकर के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

समीक्षा बैठक में संगठन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व द्वारा दिए गए दिशा-निर्देशों पर भी चर्चा की गई। इस दौरान चंद्रशेखर आजाद, विनय रतन सिंह, विनोद यादव अंबेडकर, सुनील अस्ताय, सुनील बैरासिया, धर्मेंद्र कुमार तथा दामोदर सिंह यादव के नेतृत्व और संगठनात्मक कार्यों का उल्लेख किया गया।
बैठक के दौरान आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई तथा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने संगठन के कार्यकर्ताओं से समाजहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने और जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए निरंतर कार्य करने का आह्वान किया।
अंत में सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा सामाजिक न्याय, समानता और संविधानिक मूल्यों के संरक्षण के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। बैठक का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ।