सागर। जिले के मोतीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत बिचपुरी गांव के एक युवक के साथ शादी के नाम पर कथित रूप से 50 हजार रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। युवक का आरोप है कि रिश्तेदारों और बिचौलियों ने उसे शादी कराने का भरोसा देकर सिंगरौली बुलाया, जहां एक युवती से मुलाकात कराई गई। इसके बाद युवती के परिजनों और दलालों ने रुपए लेकर उसे युवती के साथ भेज दिया, लेकिन वापसी के दौरान युवती अचानक दूसरे युवक के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गई। मामले में पीड़ित ने मोतीनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है तथा घटना सिंगरौली जिले में होने के कारण संबंधित पुलिस को भी सूचना भेजी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिचपुरी निवासी विनोद साहू विवाह योग्य हैं और लंबे समय से अपने लिए रिश्ते की तलाश कर रहे थे। इसी दौरान खजुरिया में रहने वाले उनके एक रिश्तेदार ने उन्हें सिंगरौली जिले में शादी के लिए एक युवती मिलने की जानकारी दी। रिश्तेदार ने भरोसा दिलाया कि कुछ खर्चा करना पड़ेगा, लेकिन शादी निश्चित रूप से हो जाएगी।
रिश्तेदार की बातों पर विश्वास कर विनोद साहू उसके साथ सिंगरौली रवाना हो गए। वहां बिहारपुरा गांव के समीप उनकी मुलाकात एक युवती से कराई गई। विनोद का कहना है कि यह मुलाकात एक दलाल के माध्यम से कराई गई थी। सड़क किनारे हुई इस मुलाकात में युवती और उसके परिजनों से बातचीत हुई। बातचीत के बाद विनोद ने युवती से विवाह करने की सहमति दे दी।

पीड़ित के अनुसार इसके बाद युवती के परिजनों और दलाल ने कहा कि उनके क्षेत्र में इसी प्रकार विवाह की परंपरा है तथा युवती को साथ ले जाने के लिए कुछ राशि देनी होगी। आरोप है कि उन्होंने युवती के परिजनों को 35 हजार रुपए नकद दिए। इसके अलावा विवाह कराने वाले दलाल को 10 हजार रुपए दिए गए। आने-जाने तथा अन्य व्यवस्थाओं में करीब 5 हजार रुपए और खर्च हो गए। इस तरह कुल मिलाकर लगभग 50 हजार रुपए खर्च करने के बाद विनोद युवती को अपने साथ लेकर सागर के लिए रवाना हुए।
विनोद ने बताया कि दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। रास्ते में एक स्थान पर नाश्ता करने के लिए रुके। वह होटल पर नाश्ता कर रहे थे, जबकि युवती पास में ही मौजूद थी। इसी दौरान अचानक एक अन्य युवक बाइक लेकर वहां पहुंचा। आरोप है कि युवती बिना किसी हिचकिचाहट के उस युवक की बाइक पर बैठ गई और उसके साथ चली गई। जब तक विनोद कुछ समझ पाते, दोनों मौके से फरार हो चुके थे।
घटना के बाद विनोद ने युवती की तलाश करने का प्रयास किया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। खुद को ठगा महसूस करते हुए वह सागर लौटे और बुधवार को मोतीनगर थाने पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला शादी के नाम पर धोखाधड़ी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन सभी तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। शिकायत में जिन व्यक्तियों के नाम और जानकारी दी गई है, उनके संबंध में भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती वास्तव में विवाह के लिए तैयार थी या फिर यह पहले से सुनियोजित ठगी का हिस्सा था।
मोतीनगर थाना प्रभारी जशवंत सिंह ने बताया कि पीड़ित युवक द्वारा शिकायती आवेदन दिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरी घटना सिंगरौली जिले के क्षेत्र में हुई है। इसलिए संबंधित जानकारी सिंगरौली पुलिस को भी भेज दी गई है। मामले के तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई संबंधित क्षेत्राधिकार के अनुसार की जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में समय-समय पर शादी के नाम पर ठगी के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे मामलों में बिचौलियों द्वारा विवाह का झांसा देकर लोगों से बड़ी रकम वसूल ली जाती है और बाद में युवती या अन्य आरोपी फरार हो जाते हैं। पुलिस लोगों से अपील करती है कि विवाह संबंध तय करते समय पूरी जानकारी और सत्यापन अवश्य करें तथा किसी भी अनजान व्यक्ति या दलाल को बिना जांच-पड़ताल के रकम न दें। फिलहाल इस मामले की जांच जारी है और पुलिस युवती तथा कथित दलालों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।