अवैध शराब से भरी कार पलटी, 21 पेटी शराब जब्त: चालक मौके से फरार !

Spread the love

दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। बुधवार रात फुटेरा चौकी क्षेत्र में अवैध शराब से भरी एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद चालक और उसका साथी वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार से 21 पेटी अवैध शराब और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में अवैध शराब परिवहन की सूचना मिली थी। संगठन द्वारा इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची, जहां एक दुर्घटनाग्रस्त बलेनो कार सड़क किनारे पलटी हुई मिली। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखी हुई पाई गई।

पुलिस ने कार क्रमांक एमपी 20 जेडबी 2224 से कुल 21 पेटी शराब बरामद की। इसके अलावा वाहन से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक और उसका सहयोगी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने वाहन को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

गुरुवार दोपहर बटियागढ़ थाना प्रभारी रजनी शुक्ला ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शराब की खेप दमोह की ओर ले जाई जा रही थी। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह शराब किस दुकान या गोदाम से लाई जा रही थी तथा इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही वाहन मालिक और फरार आरोपियों की पहचान के लिए भी जांच की जा रही है।

इस कार्रवाई में सूचना देने वाली भगवती मानव कल्याण संगठन की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही। संगठन के बटियागढ़ ब्लॉक अध्यक्ष दशरथ सिंह लोधी ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की तस्करी की शिकायतें मिल रही हैं। संगठन लगातार ऐसी गतिविधियों पर नजर रख रहा है और पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई कराने में सहयोग कर रहा है।

उन्होंने बताया कि इससे पहले भी संगठन के कार्यकर्ताओं की सूचना पर खड़ेरी, बटियागढ़ और फुटेरा क्षेत्र में अवैध शराब की कई खेप पकड़ी जा चुकी हैं। इसके बावजूद शराब तस्कर लगातार नए तरीकों से अवैध कारोबार को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अवैध शराब के संबंध में कोई जानकारी मिलने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *