सागर लोकसभा क्षेत्र के लिए एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि सामने आई है। लंबे समय से लंबित रीवा–सागर–नागपुर–हैदराबाद रेल संपर्क की मांग को आखिरकार केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है। रेल मंत्रालय ने रीवा–सागर–नागपुर–हैदराबाद (चारलापल्ली) के बीच नई नियमित एवं स्थायी ट्रेन सेवा (ट्रेन संख्या 20158/20157) को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
यह नई ट्रेन सेवा सागर और बीना सहित क्षेत्र के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर नियमित रूप से रुकेगी, जिससे सागर संभाग की दक्षिण भारत से सीधी रेल कनेक्टिविटी स्थापित होगी। इससे न केवल यात्रियों की यात्रा आसान होगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी नए अवसरों के द्वार खुलेंगे।
सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बताया कि आजादी के बाद से ही सागर को नागपुर और हैदराबाद जैसे प्रमुख शहरों से सीधे रेल मार्ग से जोड़ने की मांग लगातार उठती रही है। अनेक जनप्रतिनिधियों ने इस विषय को समय-समय पर उठाया, लेकिन यह बहुप्रतीक्षित मांग अब उनके कार्यकाल में साकार हो सकी है।
उन्होंने कहा कि यह ट्रेन विशेष रूप से उन मरीजों और उनके परिजनों के लिए बेहद लाभकारी साबित होगी, जो उपचार के लिए नागपुर और हैदराबाद जाते हैं। साथ ही आईटी सेक्टर, उद्योग, व्यापार, शिक्षा और रोजगार से जुड़े लोगों को भी इस रेल सेवा का सीधा लाभ मिलेगा।

सांसद डॉ. वानखेड़े ने इसे सागर लोकसभा क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह निर्णय क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक प्रगति को नई गति प्रदान करेगा।
इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार लगातार देश के दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ने का कार्य कर रही है।
नई ट्रेन सेवा की स्वीकृति से सागर, बीना और आसपास के जिलों के लाखों यात्रियों में उत्साह का माहौल है। क्षेत्रवासियों का मानना है कि यह रेल सेवा विकास, व्यापार और रोजगार के नए आयाम स्थापित करेगी।