सागर, 17 जून 2025
सागर जिले के परासई खुर्द गांव की 47 महिलाएं एक संगठित लोन धोखाधड़ी की शिकार हुई हैं। समूह लोन दिलाने के नाम पर महिलाओं से दस्तावेज और अंगूठे लगवाकर फाइनेंस कंपनी से लाखों का लोन निकाल लिया गया, लेकिन लोन की राशि में से महिलाओं को मामूली रकम ही दी गई और शेष आरोपी ले उड़े। जब लोन की किश्तों की वसूली के लिए बैंक कर्मचारी महिलाओं के घर पहुंचे, तब जाकर पूरे फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ।
पीड़ित महिलाओं ने सोमवार को सागर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की शिकायत की है। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

ऐसे रची गई धोखाधड़ी की साजिश
शिकायतकर्ता देवकी बाई पति रामनरेश केवट निवासी परासई खुर्द ने बताया कि गढ़ाकोटा की रहने वाली प्रियंका पटेल नामक महिला, जो खुद को समूह लोन दिलाने वाली बताती है, ने गांव की महिलाओं को झांसे में लिया। प्रियंका पटेल से पहचान आशारानी गौंड और राजेश पटेरिया के माध्यम से कराई गई थी। उन्होंने जनवरी 2024 में परासई खुर्द पहुंचकर गांव की महिलाओं को समूह लोन दिलाने का लालच दिया।
उन्होंने महिलाओं से कहा कि वे 10-10 की संख्या में समूह बनाएं और दस्तावेज जमा कराएं। इस पर गांव की कुल 47 महिलाओं ने समूह बनाकर आधार कार्ड, बैंक पासबुक, फोटो आदि दस्तावेज जमा कर दिए।
फिंगर लगवाए, पैसे हड़प लिए
प्रियंका और उसके सहयोगियों ने महिलाओं से फिंगरप्रिंट लेकर फाइनेंस कंपनी से प्रति महिला करीब 40,000 रुपए के लोन स्वीकृत करवा लिए। लोन राशि में से आरोपियों ने 34-34 हजार रुपए खुद रख लिए और महज 6-6 हजार रुपए महिलाओं को थमा दिए। महिलाओं को भरोसा दिलाया गया कि “आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है, किश्तें हम खुद भर देंगे।”
किश्त नहीं भरी, बैंक से नोटिस आया
कुछ ही महीनों बाद जब फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी किस्त वसूली के लिए गांव में आने लगे, तब महिलाओं को समझ आया कि उनके नाम पर लोन लेकर उन्हें ही कर्जदार बना दिया गया है। महिलाएं जब प्रियंका पटेल से संपर्क करने लगीं तो वह टालमटोल करने लगी और किश्तें जमा नहीं कीं।

पीड़ित महिलाएं न्याय की गुहार लगाते हुए एसपी कार्यालय पहुंचीं
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धोखाधड़ी का शिकार बनीं महिलाओं में माया ठाकुर, साधना केवट, देवकी केवट, आरती गौंड, नेहा दांगी, ज्योति आदिवासी, मायारानी अहिरवार, संगीता अहिरवार समेत 47 महिलाएं शामिल हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया है कि प्रियंका पटेल और उसके साथियों ने मिलकर सुनियोजित तरीके से यह धोखाधड़ी की है और अब बैंक का दबाव हम पर बनाया जा रहा है।
महिलाओं ने प्रियंका पटेल, आशारानी गौंड और राजेश पटेरिया के खिलाफ ठोस कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले को जांच में लेते हुए सभी पक्षों से पूछताछ शुरू कर दी है।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 9109619237