सागर में जमीन विवाद में युवक की निर्मम हत्या !

Spread the love

 परिजनों ने 24 घंटे से नहीं किया अंतिम संस्कार, चक्काजाम और आरोपियों के मकान गिराने की मांग

सागर ज़िले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवरी चौधरी में शनिवार को जमीन विवाद के चलते 28 वर्षीय ओंकार अहिरवार की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद से परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश है। मृतक का शव बीते 24 घंटे से घर पर रखा हुआ है। परिवार अंतिम संस्कार करने से इनकार कर रहा है और आरोपियों के घरों को गिराने की मांग कर रहा है।

शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने रहली-जबलपुर मार्ग पर शव रखकर करीब 6 घंटे चक्काजाम किया। घटना के विरोध में सैकड़ों लोग सड़कों पर उतर आए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाइश दी। रहली विधायक गोपाल भार्गव के पुत्र अभिषेक भार्गव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

रविवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी और भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद ने मृतक के परिवार से बातचीत कर न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। चंद्रशेखर ने वीडियो कॉल के माध्यम से अधिकारियों से संपर्क कर सहायता देने की बात कही, वहीं पटवारी ने घटना की जांच एसी स्तर से कराने का आश्वासन दिया।

घटना के संबंध में मुल्लू अहिरवार ने पुलिस को बताया कि शनिवार सुबह वह अपने बेटे ओंकार के साथ गांव स्थित पुराने घर जा रहे थे, तभी गांव के ही जुगराज यादव और उसके परिजनों ने रास्ता रोककर ओंकार पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने जुगराज यादव, बिंदर उर्फ विंद्रावन यादव, बड्‌डू यादव, उमेश यादव और विशाल यादव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। रहली एसडीओपी प्रकाश मिश्रा ने बताया कि इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, एक फरार है जिसकी तलाश जारी है।

ग्रामीणों की मांग है कि हत्या जैसे जघन्य अपराध में शामिल आरोपियों के घरों को तत्काल गिराया जाए और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए। प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *