प्रशासनिक लापरवाही पर उठा सवाल
बीना, 23 जून — शहर के स्टेशन रोड क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 9 बजे एक जर्जर मकान का हिस्सा अचानक गिर गया, जिससे पास में खड़ी शिव वार्ड पार्षद सौरभ कैथोरिया की कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब मकान के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई।
10 वर्षों से बंद पड़ा था मकान
यह मकान डॉ. अंजन पंडित की क्लिनिक के समीप स्थित था और पिछले दस वर्षों से खाली और उपेक्षित पड़ा हुआ था। तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते इमारत और अधिक कमजोर हो गई थी, जिससे यह हादसा घटित हुआ।

स्थानीय लोगों ने जताया आक्रोश, नपा पर लगाए लापरवाही के आरोप
स्थानीय निवासी चंद्रशेखर राज ने नगर पालिका पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि “अगर समय पर नगर पालिका ने कार्रवाई की होती, तो यह हादसा रोका जा सकता था।” उन्होंने चेताया कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में और भी हादसे हो सकते हैं।
एसडीएम के आदेशों की नहीं हुई पालन
एसडीएम विजय डेहरिया ने जानकारी दी कि जर्जर भवनों को हटाने के निर्देश सीएमओ को पहले ही दिए जा चुके थे, लेकिन अमल नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि अब लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

57 जर्जर भवन चिन्हित, कार्रवाई अधर में
प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, ग्रामीण क्षेत्रों में 35 जर्जर भवनों को हटाने के आदेश दिए गए हैं, जिनमें कई पंचायत भवन, आंगनवाड़ी केंद्र और स्कूल भवन शामिल हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में 22 जर्जर भवनों की पहचान की गई है।
हालांकि शहरी क्षेत्रों में कार्रवाई में अड़चनें सामने आ रही हैं, क्योंकि कई भवनों में किरायेदार रहते हैं या फिर उनका स्वामित्व न्यायालय में विवादित है। इसी कारण नगर पालिका समय रहते इन्हें हटाने में असमर्थ रही है।
क्या होगी अगली कार्रवाई?
इस हादसे ने नगर प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यह स्पष्ट हो गया है कि मौखिक निर्देशों के बावजूद नपा की ओर से व्यावहारिक कदम नहीं उठाए गए। अब देखना होगा कि क्या यह हादसा प्रशासन को चेताने के लिए पर्याप्त होगा या फिर ऐसी घटनाएं आगे भी दोहराई जाएंगी।
स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने मांग की है कि सभी चिन्हित जर्जर भवनों को तत्काल हटाया जाए, ताकि लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !
7806077338, 9109619237