राजगढ़ में भीषण सड़क हादसा: दो ट्रकों की टक्कर में चालक की मौत !

Spread the love

पांच घायल; फिसलन भरी सड़क और लापरवाही बनी कारण

राजगढ़, 24 जून — मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि दोनों ट्रकों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और कई लोग ट्रक में ही फंस गए।

कैसे हुआ हादसा?

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारत पेट्रोलियम का एक ट्रक, जो खाली गैस सिलेंडर लेकर सुसनेर (आगर मालवा) से भोपाल की ओर जा रहा था, तभी सामने से आ रहे चेन्नई से जोधपुर जा रहे टायर से लदे ट्रक से उसकी जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बीपीसीएल ट्रक के चालक रमेशचंद्र शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई।

क्लीनर और मजदूर भी घायल

बीपीसीएल ट्रक के क्लीनर महेश शर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं, ट्रक में भोपाल के ईटखेड़ी क्षेत्र के तीन मजदूर विक्रम, अजय और नारायण भी सवार थे। ये लोग राजगढ़ में मजदूरी करके सस्ते किराए के लिए ट्रक में सवार होकर वापस लौट रहे थे। हादसे में तीनों घायल हुए, जिनमें नारायण की हालत गंभीर बताई जा रही है।

पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई

कोतवाली टीआई वीर सिंह ठाकुर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि हादसा पार्सल ट्रक चालक की लापरवाही से हुआ। बीपीसीएल का ट्रक अपनी लेन में सही तरीके से चल रहा था, जबकि पार्सल ट्रक चालक ने मोड़ पर तेज रफ्तार से ओवरटेक करते हुए नियंत्रण खो दिया और टक्कर हो गई। मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

फिसलन भरी सड़क ने बढ़ाई मुसीबत

दूसरे ट्रक के चालक आबिद खान ने बताया कि बारिश के कारण सड़क बेहद फिसलन भरी थी। उन्होंने दावा किया कि बीपीसीएल ट्रक ओवरटेक कर रहा था और ब्रेक नहीं लग पाने की वजह से हादसा हुआ।

हादसे के बाद स्थिति

टक्कर के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मृतक रमेशचंद्र शर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।

यह हादसा प्रदेश में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और ट्रक चालकों की लापरवाही का एक और उदाहरण है। खासकर बारिश के मौसम में फिसलन और तेज रफ्तार का संयोजन जानलेवा साबित हो रहा है। प्रशासन द्वारा चालकों को सतर्क रहने और नियमों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

7806077338, 9109619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *