पूज्य रावतपुरा सरकार ने दी प्रेरणा
बामोरा (सागर), 28 जून 2025।
कन्याओं की शिक्षा को समर्पित महाराणा प्रताप सामुदायिक भवन का लोकार्पण आज भव्य समारोह में परम पूज्य श्री रविशंकर जी रावतपुरा सरकार के करकमलों से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कन्या शिक्षण भौतिक, सामाजिक और आध्यात्मिक रूप से एक महान और पुण्य कार्य है, जिसे वही कर सकता है जो सेवा और साधना से जुड़ा हो। उन्होंने पूर्व गृहमंत्री व खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह एवं क्षत्रिय महासभा की इस पहल के लिए साधुवाद प्रकट किया।

1.25 करोड़ की लागत से बने इस सामुदायिक भवन को निःशुल्क आवासीय कन्या छात्रावास के रूप में उपयोग किया जाएगा। प्रथम चरण में 36 छात्राओं के लिए रहने, पढ़ने, भोजन आदि की पूरी व्यवस्था की गई है। 15 जुलाई 2025 से छात्राएं यहां रहकर कॉलेज शिक्षा प्राप्त करेंगी। भवन में 18 कमरे, किचन, मेस, बाथरूम, गार्डन जैसी समस्त सुविधाएं उपलब्ध हैं। श्री भूपेन्द्र सिंह ने घोषणा की कि भवन के स्टाफ और भोजन की व्यवस्था वे स्वयं वहन करेंगे। अगले सत्र तक छात्रावास की क्षमता 76 छात्राओं तक की जाएगी।

श्री रावतपुरा सरकार ने इस अवसर पर रुद्राक्ष धाम मंदिर परिसर में निर्माणाधीन श्री हनुमान मंदिर की जानकारी देते हुए बताया कि फरवरी 2026 में प्राण प्रतिष्ठा का आयोजन होगा और सभी को उसमें शामिल होने का आमंत्रण दिया। उन्होंने सत्संग और सदाचार का महत्व बताते हुए समाज को कुसंग से बचने की सीख दी।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने इसे “वंचित छात्राओं के लिए उम्मीद की किरण” बताते हुए इसकी सराहना की। सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक बृज बिहारी पटैरिया, महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी, पूर्व सांसद श्री राजबहादुर सिंह, क्षत्रिय महासभा अध्यक्ष लखन सिंह सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों ने छात्रावास की आवश्यकता और उपयोगिता को रेखांकित किया।

श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि यह भवन केवल एक निर्माण नहीं, बल्कि समाज के स्वाभिमान, बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि इस प्रकल्प के लिए 60 लाख का योगदान बामोरा परिवार, 45 लाख शासन, और 25 लाख क्षत्रिय समाज द्वारा दिया गया।
महाराणा प्रताप के शौर्य और समर्पण को प्रेरणा बताते हुए उन्होंने कहा कि समाज को उसकी बेटियों के माध्यम से ही उन्नति की राह पर अग्रसर किया जा सकता है। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में क्षत्रिय समाज, महिलाओं और युवाओं की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर पूज्य रावतपुरा सरकार और श्री भूपेन्द्र सिंह ने फीता काटकर भवन का लोकार्पण किया और सभी अतिथियों का सम्मान एवं अभिनंदन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक गौर और श्रीमती प्रीति सिंह ने किया, तथा आभार प्रदर्शन महिला विंग अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह ने किया।
यह आयोजन न केवल कन्या शिक्षा को बढ़ावा देने वाला ऐतिहासिक कदम सिद्ध हुआ, बल्कि क्षेत्र में सामाजिक जागरूकता और सहयोग की मिसाल भी बना।