सागर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई !

Spread the love

सागर, 30 जून 2025।
जिले में अवैध शराब तस्करी के खिलाफ आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। सोमवार को विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बांसा-बलेह रोड पर स्थित ग्राम बिछुआ के पास एक लोडिंग वाहन से 50 पेटी अवैध शराब बरामद की है। जब्त शराब की कीमत लगभग 2.50 लाख रुपए बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, आबकारी विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दमोह से सागर की ओर एक लोडिंग वाहन में भारी मात्रा में शराब की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही आबकारी टीम सक्रिय हुई और बिछुआ के पास चेकिंग प्वाइंट लगाया गया।

थोड़ी देर बाद संदिग्ध वाहन जैसे ही मौके पर पहुंचा, टीम ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन वाहन में सवार दो आरोपी वाहन सड़क किनारे छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद टीम ने वाहन को कब्जे में लिया और तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 50 पेटी पावर व्हिस्की ब्रांड की शराब बरामद की गई।

आबकारी विभाग के एसआई सियाराम चौधरी ने बताया कि पकड़ा गया वाहन एमपी 70 जी 0073 क्रमांक का है। वाहन और शराब को जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर मालिक और आरोपियों की शिनाख्त की जा रही है।

इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब कारोबार पर एक बड़ी सफलता माना जा रहा है। वहीं आरोपियों की तलाश के लिए टीमें सक्रिय हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *