दो साल पुराने अंधे हत्याकांड का पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा, आरोपी गिरफ्तार !

Spread the love

सागर जिले के केसली थाना पुलिस ने दो वर्ष पूर्व हुए एक अंधे और सनसनीखेज हत्या के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल इस गुत्थी को सुलझाया, बल्कि हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत भी कर दिया है। मामला ग्राम पुतर्रा का है, जहां जुलाई 2023 में एक महिला की निर्मम हत्या कर दी गई थी।

क्या था मामला:

दिनांक 22 जुलाई 2023 को ग्राम पुतर्रा निवासी कनई अहिरवार ने थाना केसली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी बहन नब्बो बाई अहिरवार की अज्ञात व्यक्ति ने बेरहमी से हत्या कर दी है। कनई अहिरवार ने पुलिस को बताया कि जब वह सुबह खेत में दवाई डालने गया था, तभी उसे गांव में बहन की हत्या की सूचना मिली। जब वह बहन के घर पहुंचा, तो निर्माणाधीन कुटीर में उसकी बहन मृत अवस्था में पाई गई। उसके सिर पर गंभीर चोट थी और पास में खून से सनी सागौन की लकड़ी पड़ी थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मर्ग क्रमांक 0/23 धारा 174 के तहत जांच शुरू की और शव का पीएम कराकर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 213/2023 धारा 302 आईपीसी के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया।


जांच में धैर्य और तकनीकी निगरानी का कमाल:

यह मामला पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि घटना के समय कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं था और न ही कोई ठोस सुराग। इसके बावजूद, पुलिस अधीक्षक श्री विकाश कुमार शाहवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा और एसडीओपी देवरी श्री शशिकांत सरयाम के निर्देशन में विवेचना लगातार जारी रही।

करीब दो वर्षों की सूझबूझ भरी जांच और सतत निगरानी के बाद इस मामले में तब अहम मोड़ आया, जब पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम पुतर्रा का एक युवक राजकुमार उर्फ हनुमान अहिरवार गांव के अन्य लोगों को धमका रहा है कि “जैसे नब्बो बाई का मर्डर किया, वैसे ही तेरा भी कर दूंगा।”


कबूली जुर्म, सामने आई हत्या की वजह:

सूचना के आधार पर आरोपी राजकुमार उर्फ हनुमान अहिरवार को हिरासत में लेकर जब उससे मनोवैज्ञानिक ढंग से पूछताछ की गई, तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि नब्बो बाई उसे सार्वजनिक रूप से बदनाम करती थी और कहती थी कि वह गांव में अधनंगा घूमता है। इस बात को गांव के अन्य लोग भी दोहराते थे जिससे वह मानसिक रूप से क्षुब्ध हो गया था। इसी नाराजगी में उसने एक रात नब्बो बाई के घर जाकर पहले उसके सिर पर पत्थर मारा, फिर सागौन की लकड़ी से पीट-पीट कर उसकी हत्या कर दी।


सबूत बरामद, आरोपी जेल भेजा गया:

आरोपी के मेमोरेंडम कथन पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त पत्थर को बरामद कर लिया है। आरोपी राजकुमार उर्फ हनुमान अहिरवार पिता दामोदर अहिरवार, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम पुतर्रा को 01 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायालय केसली में पेश किया गया, जहाँ से उसे रहली उपजेल भेज दिया गया।

ब्यूरो रिपोर्ट रिपब्लिक सागर मीडिया !

संवाददाता – अर्पित सेन
7806077338, 909619237

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *