सागर: मंदिरों की दानपेटियों से नकदी चुराने वाले दो चोर गिरफ्तार !

Spread the love

सागर शहर के गोपालगंज थाना पुलिस ने मंदिरों की दानपेटियों से नकदी चुराने वाले दो शातिर चोरों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इनमें से एक आरोपी आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से 22 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। दोनों आरोपियों ने विभिन्न मंदिरों से चोरी और चोरी की कोशिश की बात कबूल की है।

चार मंदिरों में हुई थी चोरी की वारदात

30 जून की रात न्यायालय परिसर स्थित हनुमान मंदिर, शिव मंदिर, पीटीसी ग्राउंड के सामने बीजासेन देवी मंदिर और मरही माता मंदिर में अज्ञात चोरों ने दानपेटियों के ताले तोड़कर नकदी चोरी की थी। चोरों ने एक ही रात में चार मंदिरों को निशाना बनाकर मंदिरों की पवित्रता को ठेस पहुंचाई थी।

सीसीटीवी फुटेज से मिली अहम सुराग

गोपालगंज थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा के निर्देशन में पुलिस टीम ने मंदिरों के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। जांच में गौरझामर निवासी लखन उर्फ गिल्ले पिता गुड्डा पटेल का नाम सामने आया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सरखेड़ा तिगड्डा से घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में लखन ने मंदिरों से नकदी चोरी की बात कबूल की।

लखन उर्फ गिल्ले – आदतन अपराधी

गिरफ्तार आरोपी लखन के खिलाफ गौरझामर, गोपालगंज, कोतवाली, मकरोनिया और रहली थानों में चोरी, नकबजनी व अन्य धाराओं में कुल 22 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का मानना है कि आरोपी ने कई वारदातों को अकेले अंजाम दिया है और वह बार-बार जेल जाकर भी नहीं सुधरा।

सिद्धेश्वरी धाम मंदिर में चोरी की कोशिश करने वाला भी पकड़ा गया

पुलिस ने दूसरी बड़ी कार्रवाई में 4 जुलाई की रात गोपालगंज थाना क्षेत्र स्थित मां सिद्धेश्वरी धाम मंदिर (तिली तिगड्डा) में चोरी की कोशिश करने वाले मोहन पिता गोकलप्रसाद रैकवार (उम्र 50 वर्ष), निवासी झंडा चौक को भी गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मोहन ने मंदिर में घुसकर दानपेटी से नकदी चुराने की कोशिश स्वीकार की है।

पुलिस कर रही आगे की जांच

थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि दोनों आरोपियों से अन्य मामलों में भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन चोरों ने कहीं और भी मंदिरों या सार्वजनिक स्थलों पर वारदातें तो नहीं की हैं। जल्द ही अन्य खुलासे भी हो सकते हैं।

मंदिरों की पवित्रता भंग करने वाले इन अपराधियों की गिरफ्तारी से आमजन ने राहत की सांस ली है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को इन आरोपियों के संबंध में अन्य जानकारी हो तो थाने में सूचित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *