सागर, 9 जुलाई 2025।
सागर जिले में जारी मूसलधार बारिश के बीच गढ़ाकोटा थाना क्षेत्र के ग्राम मढ़िया अग्रसेन में मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां बरसाती नाले में अचानक आए उफान से सरकारी स्कूल परिसर जलमग्न हो गया और अंदर पढ़ाई कर रहे 43 बच्चे व 6 शिक्षक फंस गए। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची SDRF की टीम ने बोट की मदद से सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।

कैसे हुआ हादसा?
ग्राम मढ़िया अग्रसेन में स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पास से एक बरसाती नाला गुजरता है। जिले में तीन दिनों से जारी बारिश के चलते मंगलवार को यह नाला अचानक उफान पर आ गया। नाले का पानी स्कूल की चारदीवारी पार कर सीधे परिसर में भर गया। जब तक शिक्षक और छात्र कुछ समझ पाते, स्कूल चारों ओर से पानी से घिर गया।

ग्रामीणों की सजगता से पहुंची मदद
स्कूल में पानी भरने और बच्चों के फंसने की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए SDRF (State Disaster Emergency Response Force) को तत्काल बुलाया गया।

बोट से रेस्क्यू, परिजनों को मिली राहत
प्लाटून कमांडर अनिमेष राजपूत के नेतृत्व में पहुंची SDRF की टीम ने बोट के जरिए 43 छात्र-छात्राओं और 6 शिक्षकों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। सभी को गांव के सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर परिजनों को सौंप दिया गया। बच्चों के सुरक्षित बाहर निकलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
स्कूल के आसपास नालों की समस्या पुरानी
ग्रामीणों के अनुसार, यह स्कूल बरसाती नाले के पास है और हर मानसून में पानी भरने की स्थिति बनती है। हालांकि इस बार पानी का बहाव बहुत तेज था, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। ग्रामीणों ने स्थाई समाधान की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हो।
प्रशासन ने दिए जांच के निर्देश
घटना के बाद स्थानीय प्रशासन और शिक्षा विभाग ने घटना की जांच और स्थाई समाधान के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर संदीप जी.आर. ने स्कूलों की सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा करने को कहा है।